आज आंध्र के मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे नायडू, मोदी और शाह होंगे शामिल, जानिए कौन होंगे मंत्रिमंडल का हिस्सा…

तेलुगु देशम पार्टी प्रमुख एन चंद्रबाबू नायडू बुधवार को आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री के रूप में शपथ लेंगे।

उनके साथ शपथ ले रहे 25 सदस्यीय मंत्रिमंडल में जन सेना पार्टी के तीन और भारतीय जनता पार्टी के एक विधायक को शामिल किया गया है।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी शपथ ग्रहण समारोह का हिस्सा होंगे। राज्य के राज्यपाल एस अब्दुल नजीर विजयवाड़ा मुख्यमंत्री और मंत्री पद के लिए पद और गोपनीयता की शपथ दिलाएंगे।

शपथ ग्रहण के लिए अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे के पास गन्नावरम में केसरपल्ली आईटी पार्क के नजदीक भव्य समारोह का आयोजन किया गया है।  

टीडीपी की ओर से जारी बयान में कहा गया है कि शपथ ग्रहण समारोह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जे पी नड्डा, कई अन्य केंद्रीय मंत्री, एनडीए शासित विभिन्न राज्यों के मुख्यमंत्री हिस्सा लेंगे।

इसके अलावा चिरंजीवी, राम चरण और रजनीकांत जैसी मशहूर हस्तियां भी कार्यक्रम में मौजूद रहेंगे। 

पवन कल्याण होंगे उपमुख्यमंत्री

बुधवार देर रात करीब 1 बजे नायडू और भाजपा के शीर्ष राष्ट्रीय नेताओं – अमित शाह और नड्डा के बीच अमरावती में उनके उंडावल्ली स्थित आवास पर गहन विचार-विमर्श के बाद कैबिनेट मंत्रियों की सूची को अंतिम रूप दिया गया।

जन सेना पार्टी प्रमुख पवन कल्याण भी इस मीटिंग का हिस्सा थे। पवन कल्याण को उपमुख्यमंत्री बनाया जाएगा। इसके अलावा कैबिनेट में जन सेना पार्टी के दो और विधायकों को शामिल किया जाएगा।

तेनाली से नादेंदला मनोहर और निदादावोले से कंदुला दुर्गेश को मंत्री पद दिए जाएंगे। भाजपा की ओर से  धर्मावरम से वाई सत्य कुमार मंत्री पद की शपथ लेंगे।

एक टीडीपी नेता ने बताया है कि नायडू ने एक सीट खाली रखी है, जिसे बाद में भरा जाएगा। आंध्र प्रदेश मंत्रिमंडल में अधिकतम 26 मंत्री हो सकते हैं, जिसमें मुख्यमंत्री भी शामिल हैं।

17 नए लोगों को मौका

वहीं टीडीपी नेता ने आगे बताया कि नायडू ने मंत्रिमंडल के गठन में क्षेत्रीय, जातिगत और लैंगिक समीकरणों को ध्यान में रखने के अलावा अनुभवी नेताओं और नए लोगों के बीच संतुलन बनाए रखने की भी पूरी कोशिश की गई है। 24 मंत्रियों में से 17 नए लोगों को मौका दिया गया है।

मंत्रिमंडल में तीन महिलाएं, आठ पिछड़ा वर्ग के नेता, दो एससी, एक एसटी और एक मुस्लिम शामिल हैं। अटकलों के अनुरूप, नायडू के बेटे नारा लोकेश को मंत्रिमंडल में जगह दी गई है।

चुनाव से पहले वाईएसआर कांग्रेस पार्टी से अलग हुए दो नेताओं – अनम रामनारायण रेड्डी और कोलुसु पार्थसारथी को भी मंत्रिमंडल में शामिल किया गया है।

टीडीपी से कन्ना लक्ष्मीनारायण, गंटा श्रीनिवास राव, गोरंटला बुचैया चौधरी, चौधरी अय्याना पात्रुडू और बंडारू सत्यनारायण मूर्ति और जन सेना पार्टी से कोनाथला रामकृष्ण जैसे वरिष्ठ नेताओं को मंत्रिमंडल में जगह नहीं मिल सकी। बुधवार को शपथ लेने वाले कैबिनेट मंत्रियों की सूची इस प्रकार है:

1. एन चंद्रबाबू नायडू, मुख्यमंत्री

2. कोनिडेला पवन कल्याण (जन सेना), उपमुख्यमंत्री

3. नारा लोकेश

4. नादेंदला मनोहर (जन सेना)

5. के अच्चेनायडू

6. वंगालापुडी अनिता

7. अनगनी सत्य प्रसाद

8. निम्माला राम नायडू

9. सत्य कुमार यादव

10. अनम रामनारायण रेड्डी

11. कोल्लू रवींद्र

12. कोलुसु पार्थ सारथी

13. पोंगुरु नारायण

14. एन एमडी फारूक

15. पय्यावुला केसव

16. कंडुला दुर्गेश (जन सेना)

17. डोला बाला वीरंजनेय स्वामी

18. गोट्टीपति रवि कुमार

19. गुम्माडी संध्या रानी

20. बी सी जनार्दन रेड्डी

21. टी जी भरत

22. एस सविता

23. वासमसेट्टी सुभाष

24. कोंडापल्ली कोंडापल्ली श्रीनिवास और

25. मंडीपल्ली राम प्रसाद रेड्डी

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

× Whatsaap