चौकीदार का बेटा, गांव का सरपंच; जानिए ओडिशा के नए CM मोहन चरण माझी को…

 ओडिशा के 15वें मुख्यमंत्री के रूप में नामित भाजपा के आदिवासी नेता मोहन चरण माझी ने लगभग तीन दशक पहले एक गांव के सरपंच के रूप में अपने राजनीतिक जीवन की शुरुआत की थी।

नई सरकार बुधवार को यहां जनता मैदान में शाम पांच बजे शपथ लेगी। आदिवासी बहुल और खनिज समृद्ध क्योंझर जिले के रायकला गांव से ताल्लुक रखने वाले एक चौकीदार के बेटे 52 वर्षीय माझी चार बार वर्ष 2000, 2004, 2019 और 2024 में ओडिशा विधानसभा के लिए चुने गए हैं।

स्नातक की पढ़ाई करने वाले माझी वर्ष 1997-2000 तक गांव के प्रधान रहे। वर्ष 2000 में क्योंझर से विधायक चुने जाने से पहले माझी भाजपा के आदिवासी मोर्चा के सचिव भी थे।

हालिया विधानसभा चुनाव में मोहन माझी ने बीजद की मीना माझी को हराकर क्योंझर सीट बरकरार रखी। पिछली ओडिशा विधानसभा में वह विपक्ष के मुख्य सचेतक थे और कई अहम मुद्दों पर बीजद सरकार के खिलाफ मुखर रहे थे।

मुख्यमंत्री बनने के बाद अपनी पहली प्रतिक्रिया में माझी ने कहा, भगवान जगन्नाथ के आशीर्वाद से, भाजपा ने ओडिशा में बहुमत हासिल किया और राज्य में सरकार बनाने जा रही है।

मैं राज्य के 4.5 करोड़ लोगों को धन्यवाद देना चाहता हूं, जिन्होंने बदलाव के लिए वोट दिया। माझी ने कहा कि भाजपा ओडिशा के लोगों के भरोसे का सम्मान करेगी।

भाजपा ने 147 सदस्यीय ओडिशा विधानसभा में 78 सीटें हासिल कर ऐतिहासिक जीत दर्ज की।

पूर्व मुख्यमंत्री नवीन पटनायक को भी न्योता ओडिशा में अपनी पहली सरकार बनाने के लिए तैयारी में जुटी भाजपा ने मंगलवार को बीजद अध्यक्ष और निवर्तमान मुख्यमंत्री नवीन पटनायक को 12 जून को होने वाले शपथ ग्रहण समारोह के लिए आमंत्रित किया।

समारोह के लिए पहला निमंत्रण कार्ड पुरी में भगवान जगन्नाथ को दिया गया। इसे देने के लिए कुछ नवनिर्वाचित विधायक 12वीं शताब्दी के मंदिर गए।

भाजपा की ओडिशा इकाई के अध्यक्ष मनमोहन सामल ने संवाददाताओं से बातचीत में कहा, नवीन बाबू ने निमंत्रण स्वीकार कर लिया है।

निर्वाचित विधायकों का एक समूह एक कार्ड, दो नारियल, सुपारी और चावल लेकर पुरी के जगन्नाथ मंदिर गए और भगवान को समारोह में आमंत्रित किया। यह उडिया परंपरा है।

PM मोदी भी करेंगे शपथ समारोह में शिरकत
समारोह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी शिरकत करेंगे। इसके अलावा, कई केंद्रीय मंत्री और भाजपा शासित राज्यों के मुख्यमंत्री और उपमुख्यमंत्री भी हिस्सा लेंगे।

कार्यक्रम में विधायकों और सांसदों सहित लगभग 50 हजार लोगों के शामिल होने का अनुमान है।

ओडिशा के राजस्व और आपदा प्रबंधन विभाग के अनुसार, नए मुख्यमंत्री और मंत्रिपरिषद के शपथ ग्रहण समारोह के लिए 12 जून को दोपहर एक बजे के बाद भुवनेश्वर में सभी राज्य सरकार के कार्यालय और अदालतों को आधे दिन की छुट्टी देने को कहा गया है।

माझी पर लाखों का कर्ज
माई नेता इंफो वेबसाइट के अनुसार, ओडिशा के नए मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी ने चुनाव आयोग को दिए हलफनामे में कुल चल-अचल संपत्ति करीब 1.97 करोड़ रुपये बताई है।

साथ ही उन्होंने इस हलफनामे में बताया कि उनके ऊपर 95.58 लाख रुपये का कर्ज है।

उपमुख्यमंत्री नामित कनक वर्धन सिंहदेव बोलांगीर जिले के पटनागढ़ से जीतकर विधायक बने हैं। सिंहदेव बोलांगीर के राजपरिवार से ताल्लुक रखते हैं।

वे नवीन पटनायक की सरकार में 2000 से 2004 तक उद्योग और सार्वजनिक उद्यम, 2004 से 2009 तक शहरी विकास और सार्वजनिक उद्यम के कैबिनेट मंत्री रह चुके हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

× Whatsaap