दिल्ली में किस सीट पर कौन होगा उम्मीदवार, आप और कांग्रेस में महामंथन; रेस में आगे चल रहे ये नाम…

दिल्ली समेत पांच राज्यों में आगामी लोकसभा चुनावों के मद्देनजर आम आदमी पार्टी (AAP) और कांग्रेस के बीच सीटों का बंटवारा हो चुका है।

दिल्ली की सात सीटों में से चार पर आप और तीन पर कांग्रेस उम्मीदवार उतारेगी। अब दोनों ही पार्टियां इन सीटों पर अपने-अपने उम्मीदवारों का नाम फाइनल करने के लिए महमंथन कर रही हैं।

इसी सिलसिले में आज (मंगलवार को) AAP की राजनीतिक मामलों की समिति (PAC) की बैठक हो रही है। इसमें लोकसभा चुनाव के उम्मीदवारों के नामों पर चर्चा की जाएगी।

इंडिया अलायंस के दो घटक दलों कांग्रेस और आप के बीच हुए समझौते के मुताबिक दिल्ली की चार सीटों- नई दिल्ली, दक्षिणी दिल्ली, पश्चिमी दिल्ली और पूर्वी दिल्ली से आप उम्मीदवार चुनाव लड़ेंगे जबकि तीन सीटों- चांदनी चौक, उत्तर-पश्चिमी दिल्ली और उत्तर-पूर्वी दिल्ली से कांग्रेस के उम्मीदवार ताल ठोकेंगे। 

किस सीट से किन-किन नामों की चर्चा
आम आदमी पार्टी सूत्रों के मुताबिक, नई दिल्ली सीट से  मालवीय नगर विधायक और पूर्व मंत्री सोमनाथ भारती और एमसीडी की मेयर शैली ओबेरॉय को उम्मीदवार बनाए जाने की चर्चा हो रही है, जबकि पश्चिमी दिल्ली से द्वारका के पूर्व विधायक और कांग्रेस से आप में आए महाबल मिश्रा का नाम सबसे आगे चल रहा है।

मिश्रा ने 2022 में कांग्रेस का हाथ छोड़कर आप का झाड़ू थाम लिया था। इनके अलावा मोतीनगर से विधायक शिव चरण गोयल का भी नाम रेस में आगे चल रहा है।

दक्षिणी दिल्ली संसदीय सीट से आप के दो विधायकों के बीच उम्मीदवारी की रेस है। इनमें एक तुगलकाबाद के विधायक सही राम हैं तो दूसरे छतरपुर से विधायक करतार सिंह तंवर हैं।

पूर्वी दिल्ली से तस्वीर साफ नहीं हो सककी है लेकिन इंडियन एक्सप्रेस के सूत्रों के मुताबिक, आप वहां कोंडली के युवा विधायक कुलदीप कुमार पर दांव लगा सकती है।

माना जा रहा है कि आज की बैठक में पार्टी उम्मीदवारों के नामों पर चर्चा कर किसी ठोस नतीजे पर पहुंच सकती है।

कांग्रेस में तीन सीट के लिए रेस में आगे ये नाम
सीट शेयरिंग में कांग्रेस को मिली तीन सीटों पर कई दावेदार हैं। कांग्रेस सूत्रों के मुताबिक, सबसे ज्यादा खींचतान उत्तर-पूर्वी दिल्ली सीट पर है।

यहां से दिल्ली प्रदेश कांग्रेस के अध्यक्ष अरविंदर सिंह लवली से लेकर पूर्व दिल्ली कांग्रेस अध्यक्ष चौधरी अनिल कुमार और कन्हैया कुमार के नाम की भी चर्चा है।

कांग्रेस को इस सीट से सबसे ज्यादा उम्मीद है। इस इलाके में मुस्लिमों के करीब 6 लाख और गुर्जर समुदाय के करीब 2.5 लाख वोटर हैं। दलित मतादाता भी करीब दो लाख हैं। फिलहाल बीजेपी के मनोज तिवारी यहां से सांसद हैं। 

कांग्रेस सूत्रों के मुताबिक, चांदनी चौक सीट से अखिल भारतीय महिला कांग्रेस अध्यक्ष अलका लांबा और पूर्व सांसद संदीप दीक्षित को प्रबल दावेदार माना जा रहा है, जबकि उत्तर पश्चिमी दिल्ली सीट पर बीजेपी से सांसद रहे उदित राज के साथ-साथ दिल्ली के पूर्व मंत्री जय किशन को टिकट पाने की रेस में सबसे आगे देखा जा रहा है।

बता दें कि 2019 के लोकसभा चुनावों में बीजेपी ने दिल्ली की सभी सात सीटें जीती थीं और 56% से अधिक वोट शेयर हासिल किया था।

उन चुनावों में कांग्रेस और आप ने अलग-अलग लड़ा था। उन दोनों दलों को क्रमश: 22% और 18% से थोड़ा अधिक वोट मिले थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

× Whatsaap