MP में सपा ने तय किए उम्मीदवार, AAP बिहार में हो रही तैयार; I.N.D.I.A में होगी तकरार?…

I.N.D.I.A गठबंधन को विधानसभा चुनाव से पहले साथी ही झटका देते नजर आ रहे हैं। एक ओर समाजवादी पार्टी ने मध्य प्रदेश में दो और उम्मीदवारों के नामों की घोषणा कर दी है।

वहीं, खबर है कि आम आदमी पार्टी बिहार में चुनाव लड़ने का मन बना रही है। कहा जा रहा है कि लोकसभा चुनाव 2024 की तैयारियों को लेकर पार्टियां क्षेत्रीय स्तर पर मजबूत जमीन तैयार करने में जुटी हुईं हैं।

समाजवादी पार्टी
सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने रविवार को एमपी के धौहानी (विश्वनाथ सिंह गौड़ मरकाम) और चितरंगी (श्रवण कुमार सिंह गौड़) से उम्मीदवारों का ऐलान कर दिया है।

बीते बुधवार को सपा ने मेहगांव, भांडेर, निवाड़ी और राजनगर सीटों के लिए प्रत्याशी घोषित कर दिए थे। कहा जा रहा है कि इन सीटों पर सपा भारतीय जनता पार्टी और कांग्रेस दोनों को ही चुनौती देने की तैयारी कर रही है।

सपा के एमपी प्रमुख रामायण सिंह पटेल ने कांग्रेस के साथ मिलकर विधानसभा चुनाव लड़ने की संभावनाओं से इनकार कर दिया।

पटेल ने रविवार को ‘पीटीआई-भाषा’ से कहा, ‘किसी भी राज्य में गठबंधन के बारे में निर्णय पार्टी के राष्ट्रीय नेतृत्व द्वारा लिया जाता है, लेकिन अभी तक हमें आगामी विधानसभा चुनावों के लिए मध्य प्रदेश में इस तरह के गठबंधन की कोई संभावना नहीं दिख रही है। लेकिन, हमारे राष्ट्रीय अध्यक्ष इस संबंध में निर्णय लेंगे।’

इंडियन एक्सप्रेस से बातचीत में पटेल ने कहा, ‘अखिलेश यादव जी ने हमें पूरे राज्य में चुनाव लड़ने के लिए कहा है।

अन्य सीटों के लिए भी संभावित उम्मीदवारों के नाम शीर्ष नेतृत्व को भेजे गए हैं और हमारे उम्मीदवारों के नामों का ऐलान जल्द होगा।

जहां तक I.N.D.I.A गठबंधन की बात है, तो यह लोकसभा चुनाव के लिए तैयार हुआ है और विधानसभा चुनाव में असरदार नहीं है। सपा अपनी पसंद की विधानसभा सीटों पर चुनाव लड़ने के लिए आजाद है।’

कांग्रेस को झटका!
खास बात है कि सपा का यह कदम ऐसे समय पर आया है, जब कांग्रेस ने उत्तर प्रदेश के घोसी उपचुनाव में उम्मीदवार नहीं उतारने का फैसला किया है।

साथ ही कांग्रेस ने सपा को समर्थन देने की बात भी कही है। इसके अलावा जिन 6 सीटों पर सपा एमपी में दांव खेलने जा रही है, वहां तीन पर 2018 विधानसभा चुनाव में कांग्रेस ने जीत दर्ज की थी और दो सीटों पर दूसरे स्थान पर रही थी।

हालांकि, कांग्रेस प्रवक्ता केके मिश्रा ने कहा, ‘एमपी में सपा का प्रभाव न के बराबर है। कांग्रेस की यहां भाजपा से सीधी लड़ाई है। I.N.D.I.A गठबंधन 2024 के लिए तैयार हुआ है। अगर सपा भाजपा के साथ नहीं जा रही है, तो उसके विधानसभा चुनाव लड़ने से कांग्रेस को कोई परेशानी नहीं है।’

बिहार में आप तैयार!
एक मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, आप महासचिव संदीप पाठक ने बिहार आप के नेताओं से दिल्ली में मुलाकात की थी। राज्य में 2025 में विधानसभा चुनाव होने हैं।

बैठक के दौरान पाठक ने बिहार में इकाई को मजबूत करने की बात पर जोर दिया है। इंडिया टुडे के अनुसार, पाठक ने कहा, ‘यह बिहार का दुर्भाग्य है कि गंदी राजनीति के चलते प्रदेश आगे नहीं आ पाया। आप बिहार में चुनाव लड़ेगी, लेकिन चुनाव लड़ने के लिए मजबूत संगठन चाहिए।’

उन्होंने संगठन के विस्तार के लिए पार्टी नेताओं से हर गांव में समितियां बनाने की बात कही है। उन्होंने कहा, ‘हम बिहार में चुनाव लड़ेंगे, लेकिन यह पार्टी तय करेगी कि कब लड़ना है।

हम बिहार में सीधे चुनाव नहीं लड़ सकते। इसके लिए हमें पहले संगठन को मजबूत करना होगा हमें हर गांव में हमारी खुद की समितियां बनानी होंगी।

हमें संगठन के विस्तार और मजबूती के लिए अभी से ही काम करना होगा। संगठन के मजबूत होने के बाद हम चुनाव लड़ेंगे भी और जीतेंगे भी।’

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

× Whatsaap