पांच सूत्री एजेंडे पर मल्लिकार्जुन खड़गे की अगुवाई में कांग्रेस, नई CWC दे रही चुनाव से पहले नए संकेत; समझें…

कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने अभी हाल ही में नई कांग्रेस कार्य समिति (CWC) का गठन किया है।

इसमें उन्होंने सदस्यों की संख्या भी बढ़ा दी है और उसका आकार 84 सदस्यों वाला कर दिया है।

समिति में मनमोहन सिंह से लेकर सोनिया गांधी, राहुल गांधी, कन्हैया कुमार, गौरव गोगोई तक के नाम शामिल हैं।

CWC सदस्यों की औसत उम्र 61 साल है। समिति में सबसे बुजुर्ग सदस्य के तौर पर 90 वर्षीय  मनमोहन सिंह हैं। खड़गे खुद 81 साल के हैं।

समिति में सबसे कम उम्र के 31 वर्षीय नीरज कुंदन हैं, जो पार्टी की छात्र शाखा, नेशनल स्टूडेंट्स यूनियन ऑफ इंडिया (NSUI) के अध्यक्ष के रूप में निकाय के पदेन सदस्य हैं।

66 फीसदी सदस्य पांच कैटगरी से
बुजुर्गों से लेकर युवाओं तक की इस टीम में खड़गे ने समाज के सभी वर्गों को प्रतिनिधित्व दिया है। इसमें 66 फीसदी सदस्य SC, ST, OBC, अल्पसंख्यक और महिला कैटगरी से आते हैं।

हालांकि, कांग्रेस अपने उदयपुर घोषणापत्र में 50 वर्ष से कम आयु के 50 प्रतिशत लोगों को शामिल करने के अपने वादे को पूरा करने में विफल रही है, लेकिन अपने रायपुर पूर्ण सत्र के दौरान किए गए वादे के अनुसार अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति, अन्य पिछड़ा वर्ग, अल्पसंख्यकों और महिलाओं के लिए 66.6 प्रतिशत आरक्षण बनाए रखा है। 

CWC कांग्रेस के अंदर किसी भी विषय पर फैसला लेने वाली सर्वोच्च समिति है।

नई समिति का विश्लेषण करने पर पता चलता है कि इसमें अनुसूचित जाति के 12, अनुसूचित जनजाति के 4, ओबीसी के 16, अल्पसंख्यकों के 9 और 15 महिलाओं के अलावा 43 सामान्य वर्ग के लोग शामिल हैं। 

CWC सदस्यों की औसत उम्र 61 साल
पार्टी नेताओं का दावा है कि प्रियंका गांधी वाड्रा, सचिन पायलट, दीपेंद्र हुड्डा, मीनाक्षी नटराजन, प्रणीति शिंदे, सुप्रिया श्रीनेत, बी वी श्रीनिवास, अलका लांबा, फूलो देवी नेताम और गुरदीप सप्पल जैसे 50 साल की उम्र के आसपास वाले 21 ‘युवा’ कांग्रेस कार्य समिति के सदस्य हैं।

हालाँकि, सभी 39 नियमित सदस्यों की आयु के विस्तृत विश्लेषण से पता चलता है कि औसत आयु लगभग 61 वर्ष है। नेताओं का कहना है कि यह पूर्व प्रधान मंत्री मनमोहन सिंह, पूर्व केंद्रीय मंत्री एके एंटनी, अंबिका सोनी और अन्य पुराने नेताओं की वजह से है। इन नेताओं को उनके विशाल राजनीतिक अनुभव को ध्यान में रखते हुए समिति में समायोजित किया गया है।

नियमित सदस्यों में 90 साल के सिंह सबसे बड़े हैं, जबकि लोकसभा में पार्टी के उपनेता और असम के पूर्व मुख्यमंत्री तरुण गोगोई के बेटे गौरव गोगोई 40 साल की उम्र वाले सबसे छोटे सदस्य हैं।

सीडब्ल्यूसी में स्थायी आमंत्रित सदस्यों में 36 वर्षीय कन्हैया कुमार को भी शामिल किया गया है क्योंकि वह एनएसयूआई के प्रभारी हैं।

उदयपुर अधिवेशन का संकल्प लागू
कांग्रेस ने उदयपुर अधिवेशन के दौरान, जहां मल्लिकार्जुन खड़गे की अध्यक्षता को मंजूरी दी गई थी, अपने शीर्ष निकाय सीडब्ल्यूसी सहित पार्टी के सभी स्तरों पर युवाओं के लिए 50 प्रतिशत आरक्षण प्रदान करने का वादा किया था।

साथ ही, एससी/एसटी/ओबीसी/अल्पसंख्यक और महिलाओं के लिए विस्तारित सीडब्ल्यूसी में 50 प्रतिशत आरक्षण देने का निर्णय लिया गया था। यही कांग्रेस का पांच सूत्री एजेंडा है, जो उसके लिए आगामी विधानसभा और लोकसभा चुनावों में मददगार बन सकता है।

सीडब्ल्यूसी निकाय में 14 प्रतिशत एससी, पांच प्रतिशत एसटी, 19 प्रतिशत अन्य पिछड़ा वर्ग, 11 प्रतिशत अल्पसंख्यक और 18 प्रतिशत महिलाएं हैं, जिसमें स्थायी सदस्य, विशेष आमंत्रित सदस्य और विभिन्न राज्यों के प्रभारी और प्रमुख के तौर पर शामिल किए गए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

× Whatsaap