यूक्रेन पर फिर बरसीं रूसी मिसाइलें, अपार्टमेंट का हिस्सा ढहा; 5 लोगों की गई जान…

रूस ने शनिवार को एक बार फिर यूक्रेन को निशाना बनाया।

इस बार डिन्प्रो शहर के नौ मंजिला अपार्टमेंट पर मिसाइल हमला किया गया है।

इस हमले में पांच लोगों की जान गई है। अधिकारियों के मुताबिक इसके अलावा कई महत्वपूर्ण ऊर्जा ठिकानों पर भी मिसाइल गिरी है।

यूक्रेन के ऊर्जा मंत्री जर्मन गालूशेंको ने चेतावनी दी है कि अगर रूस ने इसी तरह ऊर्जा ठिकानों को निशाना बनाना जारी रखा तो आने वाले दिनों में मुश्किलें बढ़ सकती हैं।

इस मिसाइल हमले में अपार्टमेंट का एक ब्लॉक क्षतिग्रस्त हो गया था और इसमें 15 लोग दब गए थे। बाद में इन लोगों को वहां से निकाल लिया गया।

मेयर ने जताया दुख
डिन्प्रो शहर के मेयर बोरिस फिलाटेव ने घटना पर अपनी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा कि यह बेहद दुखद है। मैं उस जगह पर गया था।

हम पूरी रात इस मलबे में तलाशी अभियान चलाएंगे। मेयर ने कहा कि मिसाइल हमले के बाद यहां पर कुल 27 लोग दबे हुए थे।

इनमें छह बच्चे भी शामिल थे। हमें डर है कि कुछ और लोग भी इसमें दबे हुए हो सकते हैं। घटना के बाद जो तस्वीरें सामने आई हैं उसमें कुछ फायरफाइटर्स कार में लगी आग बुझाने में लगे हुए है।

मिसाइल हमले के बाद अपार्टमेंट ब्लॉक का एक बड़ा हिस्सा गायब है। वहीं, बाकी बिल्डिंग का एक्टीरियर भी बुरी तरह से प्रभावित हुआ है

निशाने पर हैं ऊर्जा प्रतिष्ठान
यूक्रेन की मीडिया द्वारा दिखाए गए विजुअल्स में दिखाया गया है कि घायलों को स्ट्रेचर पर लादकर ले जाया जा रहा है।

गौरतलब है रूस लगातार यूक्रेन के ऊर्जा प्रतिष्ठानों को निशाना बना रहा है। इसके पीछे उसका मकसद यूक्रेन में बिजली व्यवस्था को तबाह करना है ताकि लोग सेंट्रल हीटिंग और पानी की सुविधाओं से महरूम हो जाएं।

शनिवार को भी खारकीव के पूर्वी क्षेत्र स्थित महत्वपूर्ण ठिकानों पर मिसाइल लांच की गई। यह इलाका रूस और पोलैंड का सीमावर्ती क्षेत्र है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

× Whatsaap