अम्बिकापुर : कलेक्टर अजीत वसंत ने विकासखण्ड लुण्ड्रा का किया दौरा…

स्वास्थ्य केंद्रों का निरीक्षण कर स्वास्थ्य सुविधाओं का लिया जायजा, अनुपस्थित पाए गए कर्मचारियों को कारण बताओ नोटिस जारी करने दिए निर्देश

ग्राम पंचायत करेसर में विभिन्न विकास कार्यों का निरीक्षण कर, गुणवत्तापूर्ण समय-सीमा में निर्माण करने दिए निर्देश

लखपति दीदी देवमती से मिलकर आजीविका गतिविधि पपीता उत्पादन का अवलोकन कर देखी व्यवस्था, सराहना कर किया उत्साहवर्धन

कलेक्टर अजीत वसंत ने शनिवार को जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री विनय अग्रवाल के साथ विकासखण्ड लुण्ड्रा का दौरा किया। उन्होंने यहां विभिन्न स्वास्थ्य केंद्रों, निर्माणाधीन आंगनबाड़ी केंद्र सहित अन्य निर्माण कार्यों एवं क्षेत्र में विभिन्न विकास कार्यों औचक निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया तथा सम्बंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा निर्देश दिए।

स्वास्थ्य केंद्रों का निरीक्षण कर स्वास्थ्य सुविधाओं का लिया जायजा-
कलेक्टर श्री वसंत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र धौरपुर एवं प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र रघुनाथपुर के औचक निरीक्षण पर पहुंचे। उन्होंने यहां उपलब्ध स्वास्थ्य सुविधाओं एवं व्यवस्थाओं का जायजा लिया।

प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र रघुनाथपुर के निरीक्षण के दौरान उन्होंने अस्पताल में नियमित साफ-सफाई कराने कहा, उन्होंने यहां संस्थागत प्रसव की जानकारी ली। इस दौरान बताया गया कि हाईवे के नजदीक होने के कारण सड़क दुर्घटना के प्रकरण अधिक आते है, उन्होंने इस हेतु  स्वास्थ्य केन्द्र में एक ड्रेसर की व्यवस्था करने सीएमएचओ को निर्देशित किया। स्वास्थ्य केन्द्र में औषधि भण्डार का निरीक्षण करते हुए उन्होंने कहा कि एक्सपायरी दवाइयों की नियमित जांच की जाए। निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने स्टाफ की उपस्थिति की जांच की, इस दौरान चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी एवं आयुष फार्मासिस्ट को कार्य से अनुपस्थित पाए जाने पर कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए।

इसी प्रकार सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र धौरपुर निरीक्षण के दौरान राष्ट्रीय स्वास्थ्य कार्यक्रम के सबंध में जानकारी ली गई। कलेक्टर ने कहा कि स्वास्थ्य कार्यक्रम के प्रचार-प्रसार में अंग्रेजी के साथ हिंदी भाषा में भी प्रचार सामग्री लगाया जाए। उन्होंने अस्पताल में शीघ्र ओटी शुरू करने प्रस्ताव तैयार करने सीएमएचओ को निर्देश दिए। उन्होंने अस्पताल परिसर के पुराने भवन का उपयोग भी आवश्यकतानुसार करने कहा। क्षेत्र में पहाड़ी कोरवा की जनसंख्या को ध्यान में रखते हुये, उन्हें स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए।


उद्यान विभाग एवं मनरेगा कन्वर्जेंस से हो रहे ब्लॉक प्लांटेशन कार्य का किया निरीक्षण-
कलेक्टर श्री वसंत ने ग्राम पंचायत करेसर में उद्यान विभाग व मनरेगा के कन्वर्जेन्स से चल रहे ब्लॉक प्लांटेशन कार्य का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने पौधों की गुणवत्ता, सिंचाई व्यवस्था, मिट्टी की उर्वरता ,फेंसिंग कार्य, सुरक्षा संबंधी प्रबंधों आदि की जानकारी लेकर आवश्यक निर्देश दिए। इस दौरान अधिकारियों ने बताया कि यह 3 साल का प्रोजेक्ट है, यहां पिछले वर्ष ही 10 एकड़ भूमि में मिश्रित फलदार पौधे लगाए गए हैं, पौधों में वृद्धि अच्छी है। कलेक्टर ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि लगाए गए पौधों के संरक्षण एवं नियमित देखरेख पर विशेष ध्यान दिया जाए।

लखपति दीदी देवमती सिंह के पपीता उत्पादन गतिविधि का अवलोकन कर कलेक्टर ने किया उत्साहवर्धन-
कलेक्टर ने करेसर में लखपति दीदी देवमती सिंह द्वारा संचालित आजीविका गतिविधि पपीता उत्पादन कार्य का अवलोकन किया। देवमती ने आजीविका गतिविधि की जानकारी देते हुए बताया कि उनके द्वारा लोन के माध्यम से स्वयं की 2 एकड़ भूमि में 1200 पौधे लगाकर पपीता का उत्पादन किया जा रहा है।

उनके द्वारा पिछले वर्ष 82 क्विंटल पपीता कुल राशि 1,80,400 का एफपीओ के माध्यम से मंडी में विक्रय किया गया।उन्होंने बताया कि पपीता उत्पादन से उन्हें नियमित आय प्राप्त हो रही है। इस दौरान कलेक्टर श्री वसंत ने खेत में लगाए गए पपीता पौधों, सिंचाई व्यवस्था तथा उत्पादन की स्थिति का अवलोकन किया। उन्होंने कार्य की सराहना करते हुए देवमती का उत्साहवर्धन किया।

निर्माणाधीन आंगनबाड़ी भवन का निरीक्षण कर समय-सीमा में गुणवत्तापूर्ण निर्माण करने दिए निर्देश-
इस दौरान कलेक्टर श्री वसंत ने ग्राम करेसर में निर्माणाधीन आंगनबाड़ी भवन का निरीक्षण कर निर्माण कार्य की प्रगति एवं गुणवत्ता का जायजा लिया।

उन्होंने कहा निर्माण कार्य निर्धारित समयावधि में पूर्ण किया जाए तथा गुणवत्ता में किसी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए। उन्होंने कहा कि आंगनबाड़ी केन्द्र बच्चों एवं महिलाओं के पोषण, स्वास्थ्य एवं प्रारंभिक शिक्षा से जुड़ी महत्वपूर्ण इकाई है, इसलिए भवन निर्माण कार्य गुणवत्तापूर्ण होना आवश्यक है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *