अम्बिकापुर : कलेक्टर अजीत वसंत ने बतौली विकासखण्ड का किया दौरा…

विद्यालयों, आंगनबाड़ी केंद्र, पहाड़ी कोरवा आश्रम, पीएम जनमन आवास एवं सड़क सहित विकास कार्यों का लिया जायजा, दिए आवश्यक दिशा- निर्देश

ग्रामीणों से सीधे संवाद कर योजनाओं के क्रियान्वयन की ली जानकारी

आंगनबाड़ी केंद्र गोविन्दपुर में मात्र एक बच्चा उपस्थित पाए जाने पर सुपरवाइजर को नोटिस जारी कर वेतन रोकने दिए निर्देश

कलेक्टर श्री अजीत वसंत ने शुक्रवार को विकासखण्ड बतौली पहुंचकर विकास कार्यों का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने आंगनबाड़ी केंद्र , विद्यालयों, पहाड़ी कोरवा आश्रम, गली प्लग स्टोन स्ट्रक्चर, पीएम जनमन सड़क, पीएम जनमन आवास सहित अन्य विकास कार्यों का अवलोकन किया तथा ग्रामीणों से सीधे संवाद कर योजनाओं के क्रियान्वयन की जानकारी ली। इस दौरान उन्होंने सम्बंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री विनय कुमार अग्रवाल भी मौजूद रहे।

आंगनबाड़ी केंद्रों का किया निरीक्षण, लापरवाही पर सुपरवाइजर को नोटिस जारी कर वेतन रोकने दिए निर्देश-
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर श्री वसंत ने विभिन्न आंगनबाड़ी केंद्रों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।  उन्होंने केन्द्र में बच्चों की उपस्थिति, कुपोषित बच्चों की संख्या व बच्चों को दिए जा रहे पौष्टिक आहार की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि आंगनबाड़ी केंद्रों में बच्चों की नियमित उपस्थिति सुनिश्चित करें, आंगनबाड़ी सहायिका एवं कार्यकर्ता समय पर केंद्र में उपस्थित रहें। गोविंदपुर के आंगनबाड़ी केंद्र के औचक निरीक्षण में केवल एक बच्चा उपस्थित मिला, केंद्र संचालन में लापरवाही पाए जाने पर  आंगनबाड़ी सुपरवाइजर को कारण बताओ नोटिस जारी करने तथा वेतन रोकने के निर्देश दिए गए। कलेक्टर ने केंद्र में बच्चों की कम उपस्थिति के कारणों की जानकारी ली और संबंधित अधिकारियों को व्यवस्थाओं में सुधार के निर्देश दिए।

विभिन्न विद्यालयों का निरीक्षण कर देखी व्यवस्था-
इस दौरान कलेक्टर श्री वसंत ने गोविंदपुर में प्राथमिक एवं माध्यमिक शाला, मूर्ताडाड में माध्यमिक शाला, चुटियापहरी प्राथमिक शाला, तराईडाड प्राथमिक शाला में शिक्षा व्यवस्था का अवलोकन किया। उन्होंने विद्यालय परिसर, कक्षाओं सहित शैक्षणिक गतिविधियों एवं विद्यार्थियों को दी जा रही सुविधाओं का अवलोकन किया। उन्होंने बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्रदान करने एवं सर्वांगीण विकास पर विशेष ध्यान देने शिक्षकों को निर्देशित किया।  इस दौरान गोविंदपुर प्राथमिक शाला एवं चुटियापहरी प्राथमिक शाला में एकल शिक्षक होने पर अधिकारियों को तत्काल संज्ञान लेने के निर्देश देते हुए दोनों विद्यालयों में अतिरिक्त शिक्षक की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने तराईडाड प्राथमिक शाला में शिक्षकों की मांग पर किचन शेड एवं शौचालय हेतु डीएमएफ से स्वीकृति हेतु प्रस्ताव प्रेषित करने अधिकारियों को निर्देश दिए। वहीं मूर्ताडाड माध्यमिक शाला में खेल सुविधा विस्तार हेतु कैरम, वॉलीबॉल, लूडो आदि खेल सामग्री प्रदान करने अधिकारियों को निर्देशित किया।

पहाड़ी कोरवा आश्रम गोविन्दपुर में व्यवस्थाओं का किया अवलोकन-
कलेक्टर श्री वसंत ने पहाड़ी कोरवा आश्रम गोविन्दपुर का निरीक्षण किया। उन्होंने यहां परिसर का अवलोकन किया तथा व्यवस्थाओं का जायजा लिया। शयनकक्ष, रसोई, स्टोर, शौचालय आदि का जायजा लेकर आवश्यक दिशा- निर्देश दिए। उन्होंने आश्रम में स्वच्छता पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए तथा कहा कि बच्चों को गुणवत्तापूर्ण भोजन देना सुनिश्चित करें।

गली प्लग स्टोन स्ट्रक्चर, पीएम जनमन सड़क, पीएम जनमन आवास आदि का किया निरीक्षण-
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर श्री वसंत ने क्षेत्र में विभिन्न विकास कार्यों एवं निर्माणाधीन परियोजनाओं का भी अवलोकन  किया। उन्होंने गली प्लग स्टोन स्ट्रक्चर, पीएम जनमन सड़क एवं पीएम जनमन आवास सहित अन्य कार्यों की प्रगति और गुणवत्ता का जायजा लिया तथा अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

ग्रामीणों से सीधे संवाद कर योजनाओं के क्रियान्वयन की ली जानकारी-
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने ग्रामीणों से मिलकर उनकी आवश्यकता एवं समस्याओं के सम्बन्ध में चर्चा की। उन्होंने सड़क, बिजली, पेयजल, आवास, राशन, शिक्षा एवं अन्य के सम्बन्ध में जानकारी ली। उन्होंने ग्रामीणों की समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित विभागों के अधिकारियों को समय-सीमा में निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। इस दौरान  गोविंदपुर, तराईडांड, चिपरकाया में सोलर लाइट में सुधार करने के निर्देश दिए गए। वहीं सेदम से गोविंदपुर में सड़क बनाए जाने हेतु आवश्यक कार्ययोजना तैयार करने पीएमजीएसवाई के अधिकारियों को निर्देशित किया गया। इस दौरान ग्रामीणों द्वारा बिजली नहीं आने सम्बन्धी समस्या कलेक्टर के समक्ष रखी गई, कलेक्टर श्री वसंत ने सीएसपीडीसीएल के अधिकारियों को तत्काल जांच कर ट्रांसफार्मर में सुधार करवाने के निर्देश दिए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *