अहमदाबाद विमान हादसा: जांच अंतिम चरण में, जल्द सामने आएगी रिपोर्ट…

केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री किंजारापु राम मोहन नायडू ने मंगलवार को कहा कि जून 2025 में हुए एअर इंडिया की फ्लाइट एआई-171 विमान हादसे की जांच अंतिम चरण में पहुंच चुकी है और इसकी अंतिम रिपोर्ट जल्द जारी की जाएगी। उन्होंने कहा कि विमान दुर्घटना जांच ब्यूरो (एएआईबी) पूरी पारदर्शिता के साथ जांच कर रहा है।

धोलेरा में निर्माणाधीन हवाई अड्डे का निरीक्षण करने पहुंचे केंद्रीय मंत्री ने कहा कि सरकार रिपोर्ट जल्द जारी करने का प्रयास कर रही है, लेकिन जांच में सबसे महत्वपूर्ण पहलू दुर्घटना के वास्तविक कारणों का पता लगाना है। उन्होंने विश्वास जताया कि एएआईबी जल्द ही अपनी अंतिम रिपोर्ट सार्वजनिक करेगा।

मंत्री का यह बयान ऐसे समय आया है, जब हाल ही में हादसे में जान गंवाने वाले करीब 30 पीड़ितों के परिवार ने उन्हें पत्र लिखकर जांच की नियमित जानकारी, स्वतंत्र सिम्युलेटर परीक्षण और जांच दल में अनुभवी बोइंग 787 पायलट को शामिल करने की मांग की थी।

साथ ही अंतिम रिपोर्ट जारी करने की समय-सीमा भी मांगी गई थी। 12 जून 2025 को अहमदाबाद से लंदन जा रही एअर इंडिया की बोइंग 787-8 ड्रीमलाइनर उड़ान टेकआफ के तुरंत बाद दुर्घटनाग्रस्त हो गई थी। हादसे में विमान में सवार 241 यात्रियों और चालक दल के सदस्यों सहित कुल 260 लोगों की मौत हुई थी, जबकि एक यात्री जीवित बच गया था।

अहमदाबाद विमान हादसे के कारण की जांच के संबंध में एयरक्राफ्ट एक्सीडेंट इन्वेस्टिगेशन ब्यूरो (एएआईबी) ने सुप्रीम कोर्ट को बताया है कि वह कुछ हफ्तों में पूरी हो जाएगी और अंतिम रिपोर्ट इसी वर्ष अक्टूबर तक तैयार हो जाएगी। अहमदाबाद से लंदन जा रहा एयर इंडिया का विमान जून 2025 में दुर्घटनाग्रस्त हो गया था और उसमें 260 लोग मारे गए थे।

एएआइबी ने मंगलवार को शीर्ष न्यायालय में दाखिल शपथ पत्र में विस्तार से अपनी बातें कही हैं। बताया है कि यह जांच अंतरराष्ट्रीय मानदंडों के अनुसार हो रही है। यह जांच इंटरनेशनल सिविल एविएशन आर्गनाइजेशन के नियमों और शिकागो कन्वेंशन के अनुसार हो रही है।

इसलिए उसमें विशेष सावधानी बरती जा रही है और सभी बिंदुओं को मानदंडों पर खरा साबित करने की कोशिश है। 12 जून, 2025 को हुई इस दुर्घटना में 229 यात्री, चालक दल के 12 सदस्य और विमान क्रैश होने वाले स्थान पर 19 अन्य लोग मारे गए थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *