अमेरिकी राष्ट्रपति डोनल्ड ट्रंप और ईरान के राष्ट्रपति मसूद पेज़ेशकियान ने शुक्रवार को आधिकारिक रूप से एक ऐतिहासिक समझौता ज्ञापन (MoU) पर हस्ताक्षर कर दिए हैं। । फ्रांस में जी-7 शिखर सम्मेलन के दौरान वर्साय पैलेस में आयोजित एक कार्यक्रम में इस शांति समझौते को अंतिम रूप दिया गया।
ईरान के विदेश मंत्रालय की ओर से भी डिजिटल हस्ताक्षर की पुष्टि की गई है। इस ऐतिहासिक कदम के साथ ही दोनों देशों के बीच जारी शत्रुता पर तुरंत विराम लग जाएगा और रणनीतिक होर्मुज जलडमरूमध्य को कमर्शियल जहाजों के लिए फिर से खोल दिया जाएगा।
वीडियो में, ट्रंप को फ्रांस में चल रहे जी-7 शिखर सम्मेलन के दौरान प्रतिष्ठित वर्साय पैलेस में फ्रांसीसी राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों के साथ रात्रिभोज के दौरान समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर करते हुए देखा जा सकता है। व्हाइट हाउस ने ट्रंप द्वारा दस्तावेजों पर हस्ताक्षर करते हुए एक वीडियो साझा करते हुए इस घटनाक्रम की पुष्टि की।
यह आसान नहीं था
फ्रांसीसी राष्ट्रपति मैक्रों द्वारा जारी किए गए एक वीडियो क्लिप में ट्रंप को यह कहते हुए सुना जा सकता है, “ईरान-अमेरिका के बीच समझौते पर हस्ताक्षर हो चुके हैं। मैंने इस पर वर्साय में हस्ताक्षर किए… बस हस्ताक्षर कर दिए। यह आसान नहीं था।”
औपचारिक रूप से प्रभावी
“ईरान के विदेश मंत्रालय ने डिजिटल (इलेक्ट्रॉनिक) हस्ताक्षरों की पुष्टि करते हुए ऐलान किया है कि यह ऐतिहासिक शांति समझौता अब औपचारिक रूप से प्रभावी हो चुका है। आधिकारिक तौर पर जारी किया गया यह समझौता रविवार को दोनों देशों के बीच सहमत हुए मूल ढांचे के ही समान है, जिसमें आपसी शत्रुता को तुरंत रोकने और रणनीतिक रूप से बेहद महत्वपूर्ण स्ट्रेट ऑफ होर्मुज को फिर से वाणिज्यिक जहाजों के लिए खोलने की दृढ़ प्रतिबद्धता की रूपरेखा दी गई है।”
औपचारिक और व्यक्तिगत हस्ताक्षर समारोह का होना था आयोजन
एक अमेरिकी अधिकारी के अनुसार, अमेरिकी उपराष्ट्रपति जेडी वैंस और ईरानी संसद के अध्यक्ष मोहम्मद बगेर गालिबफ ने सप्ताहांत में ही इस प्रारंभिक शांति समझौते पर हस्ताक्षर कर दिए थे। हालांकि, पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के तहत इस शुक्रवार को स्विट्जरलैंड में एक औपचारिक और व्यक्तिगत हस्ताक्षर समारोह का आयोजन किया जाना था, लेकिन डिजिटल (इलेक्ट्रॉनिक) माध्यम से इसे अंतिम रूप दिए जाने के कारण इस समयसीमा में तेजी आ गई।
एक अमेरिकी अधिकारी ने यह भी बताया कि उपराष्ट्रपति वैंस के अभी भी स्विट्जरलैंड जाने की उम्मीद है। वहीं, एनबीसी न्यूज (NBC News) की रिपोर्ट के मुताबिक, इस समझौते के डिजिटल रूप से प्रभावी होने के बाद अब वहां उनकी भूमिका संभवतः केवल औपचारिक ही रहेगी।