हैदराबाद में तेज रफ्तार का कहर, डिवाइडर से टकराई KTM बाइक; सवार की मौत, वीडियो वायरल…

तेलंगाना की राजधानी हैदराबाद में तेज रफ्तार और ‘ड्रिंक एंड ड्राइव’ का एक बेहद खौफनाक मामला सामने आया है। जहां एक तेज रफ्तार केटीएम ड्यूक (KTM Duke) स्पोर्ट्स बाइक सड़क के बीच लगे डिवाइडर और विज्ञापन बोर्ड से टकरा गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक सवार की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, पीछे बैठा उसका दोस्त मामूली रूप से घायल हो गया।

दरअसल, यह घटना मंगलवार तड़के (16 जून) लगभग 2:15 बजे की बताई जा रही है। जब केटीएम ड्यूक (पंजीकरण संख्या TS08KB6055) बाइक टीएसपीए की तरफ से काली मंदिर की ओर जा रही थी।

कैसे हुआ हादसा?

साइबराबाद की नरसिंगी ट्रैफिक पुलिस के मुताबिक, प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि बाइक चालक शराब के नशे में था और मोटरसाइकिल की रफ्तार बेहद तेज थी। तभी उसने वाहन पर से नियंत्रण खो दिया और सड़क के बीच में लगे एक छोटे विज्ञापन बोर्ड से टकरा गया।

मोबाइल कैमरे में कैद हुई मौत

यह पूरी घटना उसके दोस्त के मोबाइल कैमरे में कैद हो गई। क्योंकि वे दोनों मोबाइल में गाड़ी की स्पीड को रिकॉर्ड कर रहे थे। जिसका वीडियो अब वायरल हो रहा है। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक सवार की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि पीछे बैठा उसका दोस्त मामूली रूप से घायल हो गया। जिसे उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया।

जांच जारी

पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए उस्मानिया जनरल अस्पताल भेजकर मामला दर्ज कर लिया है और तकनीकी साक्ष्यों के जरिए बाइक की सटीक स्पीड का पता लगाया जा रहा है। हालांकि, शुरुआती जांच में टक्कर की वजह गाड़ी की ओवर स्पीड बताई जा रही है।

गौरतलब है कि हैदराबाद के काली मंदिर और टीएसपीए जंक्शन के पास के इलाके में हाल के वर्षों में कई गंभीर दुर्घटनाएं हुई हैं। पुलिस ने बार-बार वाहन चालकों से अपील की है और तेज गति से वाहन न चलाने की चेतावनी दी है। साथ ही वाहन चालकों से शराब पीकर गाड़ी चलाने से बचने और गति सीमा का पालन करने का आग्रह किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *