तिरुपति-मदनपल्ले हाईवे पर अन्नामय्या जिले के वाल्मीकिपुरम मंडल के विटालम गांव में APSRTC की बस पलट गई। बस में टायर पंचर होने की वजह से ये हादसा हुआ।
यह घटना हाईवे पर लगे CCTV कैमरे में कैद हो गई, जिसमें बस पहले सड़क के किनारे की ओर जाती और फिर फिसलकर एक खंभे से टकराती हुई दिखाई दी। पुलिस ने मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है। इस घटना का वीडियो भी सामने आया है।
बस पलटने से 20 यात्री घायल
मदनपल्ले डिपो की बस तिरुपति जा रही थी, बताया जा रहा है कि उसी दौरान बस का टायर पंचर हो गया। पुलिस के मुताबिक, बस तेज रफ्तार में थी और टायर फटने के बाद ड्राइवर का नियंत्रण खो गया, जिससे बस पलटकर पुलिया में जा गिरी।
हादसे की जानकारी मिलने के साथ ही मदनपल्ले से दो एम्बुलेंस तुरंत मौके पर पहुंचीं और घायलों को वाल्मीकिपुरम के सरकारी अस्पताल पहुंचाया, जबकि कुछ गंभीर रूप से घायल लोगों को बाद में मदनपल्ले के जिला अस्पताल में भेज दिया गया।
20 यात्रियों को ले जा रही RTC बस दुर्घटनाग्रस्त हो गई। गनीमत रही कि बस ड्राइवर और एक अन्य घायल यात्री के अलावा, बाकी यात्री मामूली चोटों के साथ बच गए। खबरों के मुताबिक, ड्राइवर के हाथ में फ्रैक्चर आया है। वहीं एक यात्री के पैर में फ्रैक्चर आया।