ब्रिटिश शाही परिवार से जुड़ी एक चौंकाने वाली खबर इस समय खूब सुर्खियों में है। वजह है प्रिंसेस डायना के भाई चार्ल्स स्पेंसर की नई संस्मरण पुस्तक ‘स्वॉन सॉन्ग: डायना, माई सिस्टर’ और उसमें किए गए कुछ दावे।
गौर करने वाली बात यह है कि ये दावे इतने बड़े हैं कि इसने पूरी दुनिया में सनसनी फैला दी है। अब हाल यह है कि ब्रिटेन में लोग इस किताब को खरीदने के लिए टूट पड़े हैं और यह रिलीज होते ही अमेजन की बेस्टसेलर लिस्ट में सबसे ऊपर पहुंच गई है।
किताब में ऐसा क्या दावा किया गया है?
इस बात को ऐसे समझिए कि चार्ल्स स्पेंसर ने अपनी किताब में सबसे बड़ा दावा यह किया है कि डायना के निधन के तुरंत बाद जब उन्होंने तत्कालीन प्रिंस चार्ल्स अब राजा चार्ल्स तृतीय से बात की, तो वे बेहद खुश और उत्साहित लग रहे थे। स्पेंसर के मुताबिक, उनका लहजा किसी लॉटरी विजेता जैसा था, मानो डायना के निधन से प्रिंस चार्ल्स गदगद हो गए हों…
स्पेंसर ने लिखा है कि उन्हें ऐसा लगा जैसे चार्ल्स डायना की मौत को अपने लिए उस महिला से शादी करने की राह आसान होने के रूप में देख रहे थे, जिससे वे वास्तव में प्यार करते थे।
बकिंघम पैलेस ने किया पलटवार
हालांकि विवाद बढ़ता देख बकिंघम पैलेस ने तुरंत प्रतिक्रिया दी। पैलेस ने कहा कि राजा इस बात से वाकिफ हैं कि भाई के रूप में शोक का दर्द इंसान की समझ, विचार और याददाश्त को धुंधला कर सकता है। इस तरह पैलेस ने राजा को शाही परिवार के सबसे काले दौर में घसीटे जाने से बचाने की कोशिश की है।
पाठकों ने किताब को लेकर क्या प्रतिक्रिया दी?
दूसरी ओर डायना की मौत के 29 साल बाद भी ‘पीपल्स प्रिंसेस’ के प्रति लोगों का क्रेज कम नहीं हुआ है। लंदन में एक किताब की दुकान के बाहर खड़े 71 वर्षीय क्रिस इमाफिडोन ने कहा कि उन्होंने इस किताब को विवादित दावों की सच्चाई जानने के लिए खरीदा है। वहीं, मैरी शिब्बल नाम की एक अन्य पाठक का कहना है कि वे डायना के बचपन, परिवार और उनके बच्चों के साथ बिताए जीवन के बारे में और अधिक जानना चाहती हैं।
अब समझिए क्यों खास है यह किताब?
चार्ल्स स्पेंसर ने सफाई दी है कि उन्होंने यह किताब इतिहास के एक प्रत्यक्षदर्शी के तौर पर अपना कर्तव्य निभाते हुए और सच सामने लाने के लिए लिखी है। हालांकि आज 29 साल बाद इस किताब का बाहर आना एक साथ कई सारे सवाल भी खड़ा कर रहा है।
ऐसे में यह कहना गलत नहीं होगा कि यह विवाद सिर्फ एक किताब का नहीं, बल्कि ब्रिटिश राजशाही के उस पुराने और संवेदनशील अतीत का है, जिससे शाही परिवार आज भी पीछा छुड़ाना चाहता है।