बंगाल में बांग्लादेशी घुसपैठियों को उनके देश वापस भेजने की कार्रवाई तेज हो गई है।
मालदा के जिस होल्डिंग सेंटर में नौ बांग्लादेशियों को रखा गया था, उनको वापस भेज दिया गया है। इन नौ लोगों को ईद-उल-अजहा की रात ही बांग्लादेश वापस पुशबैक कर दिया गया।
जिला प्रशासन के अधिकारी मामले में मीडिया से कोई बात करने को तैयार नहीं हैं। इस बात का पता तब चला जब इस होल्डिंग सेंटर में पुलिस अधिकारियों की आवाजाही आज से बंद हो गई।
इस होल्डिंग सेंटर के खुलने के बाद इस सप्ताह सोमवार को एक गांव से घुसपैठ के आरोप में गिरफ्तार बांग्लादेश निवासी तीन महिलाओं और छह नाबालिगों को यहां लाकर रखा गया था।
पुलिस पूछताछ में सभी ने स्वीकार किया कि वह बांग्लादेश से अवैध रूप से भारत आए थे। इसके बाद उन्हें होल्डिंग सेंटर में रखा गया। सेंटर के चारों तरफ कड़ी सुरक्षा व्यवस्था की गई थी।
केवल खाना बनाने वाली महिला को अंदर जाने की अनुमति थी। पहले सुबह से रात तक प्रशासन की गाड़ियां आती-जाती रहती थीं, लेकिन अब वैसा नहीं है। पुलिसकर्मी मौजूद हैं, पर सब रिलैक्स मूड में दिख रहे हैं।
आसपास के लोग भी दबी जुबान में कह रहे हैं कि उन नौ बांग्लादेशियों को ईद की रात कहीं और ले जाया गया। मालदा के पुलिस अधीक्षक अनुपम सिंह ने कहा कि सरकारी निर्देश के अनुसार होल्डिंग सेंटर में रखे गए नौ बांग्लादेशी नागरिकों को बीएसएफ के हवाले कर दिया गया है। इनमें तीन महिलाएं और छह नाबालिग थे।