अहमदाबाद में RBI करेंसी चेस्ट से 8.7 करोड़ रुपये की चोरी, बैंक कर्मचारी गिरफ्तार; नोटों के बक्से भरकर हुआ था फरार…

गुजरात के अहमदाबाद में एक सार्वजनिक क्षेत्र के बैंक के कर्मचारी को आरबीआइ के करेंसी चेस्ट से कथित तौर पर 8.7 करोड़ रुपये की चुराने और रकम को संपत्तियों और क्रिप्टोकरेंसी में निवेश करके मनी लांड्रिंग करने के आरोप में गिरफ्तार किया गया है।

पुलिस के सहायक आयुक्त (डी डिवीजन) हितेंद्र चौधरी ने बताया कि एक सूचना के आधार पर पुलिस ने शुक्रवार को सोला इलाके में आरोपित हर्षसिद्ध कादियार को गिरफ्तार कर लिया। कादियार को 27 मई तक पुलिस हिरासत में भेज दिया गया है।

आरोपित कालूपुर इलाके में स्थित बैंक आफ बड़ौदा की गांधी रोड शाखा में जूनियर जाइंट कस्टोडियन था, जहां आरबीआइ का करेंसी चेस्ट है।

आरोप है कि कादियार ने दो मजदूरों के साथ मिलकर इस्तेमाल किए गए लोहे के बक्सों को ठिकाने लगाने के बहाने बैंक से नकदी चुराई थी। आरोप है कि बक्सों में 8.7 करोड़ रुपये मूल्य के नोट भरे थे।

आरोपित ने संदेह से बचने के लिए 20 अप्रैल तक काम पर आना जारी रखा। बाद में वह लंबी बीमारी की छुट्टी पर चला गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *