रूस-यूक्रेन युद्ध में 455 दक्षिण एशियाई नागरिकों की मौत, 26 भारतीयों ने भी गंवाई जान…

रूस-यूक्रेन युद्ध से जुड़ी एक रिपोर्ट सामने आई है, जिसमें बताया गया है कि इस जंग में रूसी सैनिकों की तरफ से लड़ने वाले 455 साउथ एशियाई नागरिकों की मौत हो गई है।

इन मारे गए 455 साउथ एशियाई नागरिकों की लिस्ट में भारत, श्रीलंका, नेपाल, बांग्लादेश, पाकिस्तान और अफगानिस्तान के नागरिक शामिल हैं।

26 भारतीय नागरिकों ने गवाई जान

भारत सरकार ने दिसंबर 2025 में 202 भारतीय नागरिकों के रूसी सेना में भर्ती होने की जानकारी दी थी और सरकार ने बताया था कि इनमें से 26 की मौत हो चुकी है।

मई 2024 में, CBI ने चार तस्करों को गिरफ्तार किया था, जिनमें एक रूसी अनुवादक भी शामिल था। इस अनुवादक ने यूट्यूब (YouTube) का इस्तेमाल करके भारतीय युवाओं को काम का वादा करके रूसी सेना में भर्ती किया था, लेकिन बाद में उन्हें युद्ध के मोर्चे पर भेज दिया था।

सबसे ज्यादा श्रीलंकाई नागरिकों की मौत

रूसी सेना में साउथ एशियाई नागरिकों की मौतों की सूची में श्रीलंका सबसे ऊपर है। यहां से करीब 751 नागरिक भर्ती हुए, जिनमें से कम से कम 275 नागरिक युद्ध में मारे गए हैं।

यह रिपोर्ट यूक्रेन के ‘युद्धबंदियों के उपचार के लिए समन्वय मुख्यालय’ द्वारा ‘हिमाल साउथएशियन’ और ‘ऑर्गेनाइज्ड क्राइम एंड करप्शन रिपोर्टिंग प्रोजेक्ट’ को उपलब्ध कराया गया था और जिसका कुछ हिस्सा रूसी सेना के भीतर के सूत्रों से भी प्राप्त किया गया था ।

समन्वय मुख्यालय ने हिमाल को बताया, ‘रूसी सेना में भर्ती हुए श्रीलंकाई नागरिकों की वास्तविक संख्या, साथ ही युद्ध में मारे गए या लापता हुए लोगों की संख्या, संभवतः काफी अधिक है।’

देश के विदेश मंत्री, विजिता हेराथ ने पिछले साल श्रीलंकाई संसद को सूचित किया था कि जनवरी 2025 तक भर्ती किए गए 554 श्रीलंकाई नागरिकों में से 59 मारे गए थे।

5 अफगान और 3 पाकिस्तानी की मौत

रूसी सेना में भर्ती किए गए 18 अफगानों में से 5 मारे गए हैं। वहीं 22 पाकिस्तानी भर्तियों में से 3 की मौत हुई है। अगस्त 2025 में, पाकिस्तान सरकार ने इस संघर्ष में किसी भी पाकिस्तानी नागरिक के लड़ने से इनकार किया था और इसके विपरीत लगाए गए आरोपों को बेबुनियाद और निराधार बताकर खारिज कर दिया था।

म्यांमार के छह नागरिकों को भी भर्ती के रूप में सूचीबद्ध किया गया है और 2025 के डाटा तक उनकी कोई मौत दर्ज नहीं की गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *