महासमुन्द : समाधान शिविर में चंद मिनटों में बना लर्निंग लाइसेंस तो खिल उठा युवा अखिलेश का मन…

आबादी पट्टा मिला तो दिया मुख्यमंत्री साय को धन्यवाद

मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय के सुशासन एवं जनकल्याण केंद्रित प्रशासनिक दृष्टिकोण को साकार करने हेतु प्रदेशभर में सुशासन तिहार के अंतर्गत समाधान शिविरों का आयोजन किया जा रहा है।

इन शिविरों के माध्यम से शासन की योजनाओं एवं सेवाओं को सीधे आमजन तक पहुंचाते हुए उनकी समस्याओं का त्वरित एवं पारदर्शी निराकरण सुनिश्चित किया जा रहा है।

कलेक्टर श्री विनय कुमार लंगेह के मार्गदर्शन में जिले में जारी समाधान शिविरों में सभी विभागों के अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहकर आमजनों की समस्याओं का समाधान कर रहे है।

शिविरों के माध्यम से लगातार लोगों को भू-अधिकार पत्र, आधार कार्ड, राशन कार्ड, प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ, निःशुल्क दवाई वितरण, दिव्यांगजनों को ट्रायसिकल, किसानों को पौधों का वितरण सहित शासन की योजनाओं का प्रत्यक्ष लाभ मिल रहा है।

 ग्राम आंवराडबरी के युवा अखिलेश साहू के लिए यह शिविर खुशी का अवसर बन गया। उन्होंने शिविर में लर्निंग लाइसेंस के लिए आवेदन किया और महज आधे घंटे के भीतर उनका लर्निंग लाइसेंस जारी हो गया।

इतनी जल्दी प्रक्रिया पूरी होने से अखिलेश बेहद खुश नजर आए। उन्होंने कहा कि पहले छोटी-छोटी प्रक्रियाओं के लिए कई बार कार्यालयों के चक्कर लगाने पड़ते थे, लेकिन अब समाधान शिविरों के माध्यम से गांव में ही सुविधाएं मिल रही हैं। उन्होंने इसके लिए प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी और मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय का आभार व्यक्त किया।

इसी शिविर में आंवराडबरी निवासी श्री खोमनलाल साहू की वर्षों पुरानी समस्या का भी समाधान हुआ। वे लंबे समय से मकान बनाकर रह रहे थे, लेकिन उन्हें अब तक आबादी पट्टा प्राप्त नहीं हुआ था। समाधान शिविर में आवेदन देने के बाद मौके पर ही उनका आबादी पट्टा तैयार कर उन्हें सौंपा गया।

मालिकाना हक मिलने पर उनकी खुशी देखते ही बन रही थी। उन्होंने कहा कि प्रशासन ने उनकी वर्षों की परेशानी दूर कर दी। इसके लिए उन्होंने मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के प्रति आभार जताया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *