युवाओं को AI में दक्ष बनाने की पहल, योगी सरकार देगी निःशुल्क प्रशिक्षण…

बदलती तकनीक और रोजगार के नए अवसरों को देखते हुए उत्तर प्रदेश कौशल विकास मिशन ने युवाओं और आम नागरिकों के लिए निशुल्क आनलाइन आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआइ) प्रशिक्षण कार्यक्रम शुरू किया है। इस कोर्स के माध्यम से इच्छुक अभ्यर्थी घर बैठे एआइ तकनीक की बुनियादी जानकारी और उपयोगिता सीख सकेंगे।

उत्तर प्रदेश कौशल विकास मिशन के जिला समन्वयक व आइटीआइ के प्रधानाचार्य हरीश मिश्रा ने बताया कि यह प्रशिक्षण विद्यार्थियों, प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे अभ्यर्थियों, नौकरीपेशा लोगों और तकनीक में रुचि रखने वाले युवाओं के लिए उपयोगी साबित होगा।

प्रशिक्षण की अवधि लगभग तीन घंटे निर्धारित की गई है। कोर्स पूरा होने के बाद प्रतिभागियों का आनलाइन मूल्यांकन किया जाएगा। सफल अभ्यर्थियों को उत्तर प्रदेश कौशल विकास मिशन और ओरेकल विश्वविद्यालय की ओर से प्रमाण पत्र भी प्रदान किया जाएगा।

उन्होंने बताया कि एआइ से जुड़ी जानकारी वर्तमान समय में रोजगार और करियर की दृष्टि से काफी महत्वपूर्ण हो गई है। ऐसे में यह प्रशिक्षण युवाओं के कौशल विकास में मददगार साबित होगा।

इच्छुक अभ्यर्थी उत्तर प्रदेश कौशल विकास मिशन की वेबसाइट www,upsdm.gov.in पर जाकर एआइ फार आल लिंक के माध्यम से निशुल्क पंजीकरण कर सकते हैं। पंजीकरण के बाद प्रशिक्षण तत्काल शुरू किया जा सकेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *