हार्ट कैंसर इतना दुर्लभ क्यों? वैज्ञानिकों ने बताया-दिल का ‘मैकेनिकल लोड’ कैसे रोकता है घातक ट्यूमर…

क्या आपने कभी सोचा है कि दुनिया भर में कई तरह के कैंसर के मामले सामने आते हैं, लेकिन दिल के कैंसर के बारे में बहुत कम क्यों सुनने को मिलता है (Why Is Heart Cancer So Rare)? चिकित्सा विज्ञान में इसे बेहद दुर्लभ माना जाता है।

हाल ही में हुए एक शोध ने इस रहस्य से पर्दा उठाया है। शोध के अनुसार, हमारे दिल का लगातार धड़कना ही उसे कैंसर जैसी जानलेवा बीमारी से बचाता है।

दिल की इस निरंतर धड़कन से जो मैकेनिकल लोड पैदा होता है, वह कैंसर की कोशिकाओं को पनपने से रोक देता है।

हार्ट पर पड़ने वाला भारी दबाव

दरअसल, हमारे दिल को लगातार एक भारी दबाव और प्रतिरोध के बीच पूरे शरीर में खून को पंप करना पड़ता है। इस कठिन काम की वजह से हार्ट के टिश्यूज पर बहुत अधिक तीव्र यांत्रिक दबाव पड़ता है।

यही वजह है कि एक वयस्क इंसान के दिल में खुद को नया करने की क्षमता बहुत सीमित होती है। साल भर में मुश्किल से केवल एक प्रतिशत हृदय कोशिकाएं ही खुद को रीन्यू कर पाती हैं।

दिल पर पड़ने वाला यह लगातार तनाव न सिर्फ सामान्य कोशिकाओं के विकास को सीमित करता है, बल्कि यह दबाव कैंसर की कोशिकाओं को भी बढ़ने से पूरी तरह दबा देता है।

कैसे रुकती है कैंसर कोशिकाओं की वृद्धि?

वैज्ञानिकों ने इस प्रक्रिया को और गहराई से समझाते हुए बताया कि हृदय के ऊतकों में मौजूद कोशिकीय मार्ग कैंसर कोशिकाओं के ‘जीन विनियमन’ में बदलाव कर देते हैं।

आसान शब्दों में कहें तो, धड़कन का यह दबाव कैंसर कोशिकाओं के बढ़ने के सिस्टम को ही ब्लॉक कर देता है। हालांकि, इस प्रतिरोध के पीछे के सभी तंत्र अभी पूरी तरह से स्पष्ट नहीं हुए हैं।

चूहों पर किया गया विशेष प्रयोग

इस बात को गहराई से समझने के लिए शोधकर्ताओं ने चूहों पर एक विशेष अध्ययन किया। उन्होंने एक ऐसा ट्रांसप्लांट मॉडल विकसित किया, जिसमें दिल पर पड़ने वाले इस यांत्रिक भार को कम किया जा सकता था।

इस प्रयोग के नतीजे बिल्कुल स्पष्ट थे। अध्ययन में पाया गया कि जब तक हृदय पर यांत्रिक भार मौजूद रहता है, तब तक यह विभिन्न प्रकार के कैंसर की वृद्धि को लगातार दबाता रहता है।

कैंसर के नए इलाज के लिए एक नई उम्मीद

यह महत्वपूर्ण निष्कर्ष न केवल इस बात पर प्रकाश डालता है कि हमारा दिल कैंसर से कैसे सुरक्षित रहता है, बल्कि यह चिकित्सा विज्ञान के लिए भी एक बड़ी उम्मीद जगाता है।

इस शोध के आधार पर आने वाले समय में मैकेनिकल स्टिमुलेशन पर आधारित नई और प्रभावी कैंसर चिकित्सा पद्धतियों का रास्ता साफ हो सकता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *