Bokaro Pushpa Mahto Justice Candle March झारखंड के बोकारो जिले के पिंड्राजोरा थाना क्षेत्र की युवती पुष्पा महतो के अपहरण और हत्या के आरोपित को फांसी देने की मांग को लेकर रविवार शाम चास में कैंडल मार्च निकाला गया। इस दौरान कुछ देर के लिए हंगामा भी हुआ।
विरोध के बीच झारखंड लोकतांत्रिक क्रांतिकारी मोर्चा (JLKM) के विधायक जयराम महतो काफी गुस्से में नजर आए। इस दौरान उन्होंने एक युवक का मोबाइल छीनकर जमीन पर पटक दिया। इसके बाद भीड़ आक्रोशित हो गई।
नौ महीने बाद खुला मामला, पुलिस पर लापरवाही का आरोप
दरअसल, पिंड्राजोरा की युवती पुष्पा महतो का नौ महीने पहले उसके प्रेमी ने अपहरण कर हत्या कर दी थी। आरोप है कि नौ महीने तक पुलिस ने युवती की मां की मदद करने के बजाय आरोपित को बचाने का प्रयास किया। बाद में एसपी द्वारा गठित दूसरी एसआईटी ने मामले का खुलासा किया।
JLKM की महिला नेत्री पर रुपये लेने के आरोप
रविवार शाम बोकारो के चास में आरोपित दिनेश महतो को फांसी देने की मांग को लेकर कैंडल मार्च निकाला गया, जिसमें डुमरी के विधायक जयराम महतो भी शामिल हुए। इस दौरान एक महिला ने आरोप लगाया कि जयराम महतो की पार्टी की एक महिला नेत्री ने न्याय दिलाने के नाम पर पुष्पा महतो की मां से दस हजार रुपये ठग लिए।
वीडियो बनाने पर भड़के जयराम
महिलाओं ने जयराम महतो का विरोध करते हुए कहा कि अब सब कुछ सामने आने के बाद उनके आने का क्या मतलब है। इसको लेकर महिलाओं और विधायक समर्थकों के बीच कहासुनी होने लगी। जयराम महतो ने स्थिति को शांत कराने का प्रयास किया, लेकिन कुछ देर तक माहौल गरम बना रहा।