पश्चिमी ऑस्ट्रेलिया की एक हैरान करने वाली तस्वीर ने पूरी दुनिया का ध्यान अपनी ओर खींचा है। इससे जुड़ा एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है। इस वीडियो में आसमान का रंग बदलकर गहरा लाल हो गया, जो किसी प्रलय के दृश्य जैसा लग रहा था।
AcuWeather की ओर से एक्स पर शेयर किए गए इस वीडियो में दिन के उजाले की जगह एक गहरी लाल रंग की चमक दिखाई दे रही। इसे देखने वाले लोगों ने कई कमेंट्स किए। उन्होंने इसे किसी दूसरी दुनिया का दृश्य बताया, जबकि कुछ लोगों ने इसकी तुलना किसी भयानक भविष्य या दुनिया के अंत वाले दृश्यों से की।
क्या है आसमान लाल दिखने की वजह?
यह स्थिति अपने आप में डरावनी जरूर है, लेकिन जरूरी नहीं कि यह खतरनाक भी हो। ऐसा लगता है कि हवा में धूल की काफी ज्यादा मात्रा मौजूद है, जिसका इस्तेमाल इस इलाके के मौसम के मिजाज को समझने के लिए किया जा सकता है।
आसमान के इस अजीब रंग की वजह एक वैज्ञानिक घटना हो सकती है, जिसे ‘प्रकाश का प्रकीर्णन’ (Light Scattering) कहा जाता है। सूरज की रोशनी कई अलग-अलग तरंगदैर्ध्य (wavelengths) से मिलकर बनी होती है, जिनमें से हर एक किसी खास रंग को दर्शाती है।
आमतौर पर छोटी तरंगदैर्ध्य वाली किरणें ज्यादा आसानी से बिखरती हैं। जैसे कि नीली किरणें। इसी वजह से आसमान हमें नीला दिखाई देता है। लेकिन, अगर वातावरण में बड़े कणों की मात्रा बढ़ जाए तो वे छोटी तरंगदैर्ध्य वाली किरणों को बिखेर देते हैं और वजह से लाल या नारंगी जैसी दूसरी तरंगदैर्ध्य वाली किरणें हमें दिखाई देने लगती हैं। वातावरण में धूल जितनी ज्यादा घनी होगी, आसमान उतना ही ज्यादा लाल दिखाई देगा।
पश्चिमी ऑस्ट्रेलिया में धूल की मात्रा ज्यादा
इस मामले में भी घटना को एक मजबूत मौसम प्रणाली के प्रभाव से जोड़ा गया है, जिसमें चक्रवात नरेल का प्रभाव भी शामिल था। इस प्रणाली से जुड़ी तेज हवाओं को हवा में भारी मात्रा में लोहे से भरपूर धूल उठा देती हैं।
यहां ध्यान देने वाली बात है कि पश्चिमी ऑस्ट्रेलिया की मिट्टी में लोहे की मात्रा अधिक होने के लिए जाना जाता है। हवा में लोहे से भरपूर धूल के कणों की मौजूदगी ने आसमान के गहरे लाल रंग को और भी ज्यादा उभार दिया। जैसे ही सूरज की किरणें धूल की मोटी परत से गुजरीं, बाकी रंग छन गए और आसमान में सिर्फ लाल रंग ही दिखाई देने लगा।
ऑस्ट्रेलिया में धूल के तूफान कोई अनोखी बात नहीं हैं, खासकर ऑस्ट्रेलिया के सूखे और अर्ध-शुष्क इलाकों में। ऐसे तूफानों की वजह से आसमान का रंग बदल जाता है, जो नारंगी या लाल हो सकता है।