रायपुर : सुशासन तिहार 2026 के समाधान शिविरों से ग्रामीणों को मिल रही त्वरित राहत…

टमकी समाधान शिविर में 13 गांवों के ग्रामीण हुए शामिल, मौके पर ही कई आवेदनों का हुआ निराकरण

प्रदेशभर में संचालित सुशासन तिहार 2026 आमजन की समस्याओं के त्वरित समाधान और शासकीय योजनाओं के लाभ को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने का प्रभावी माध्यम बनता जा रहा है। इसी कड़ी में सूरजपुर जिले के विकासखंड ओड़गी अंतर्गत ग्राम पंचायत टमकी में आयोजित समाधान शिविर में बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने पहुंचकर अपनी समस्याएं रखीं तथा विभिन्न योजनाओं का लाभ प्राप्त किया।

धान खरीदी केंद्र के समीप आयोजित इस शिविर में विभिन्न विभागों द्वारा स्टॉल लगाकर शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी गई। अधिकारियों ने प्राप्त आवेदनों का परीक्षण करते हुए कई मामलों का मौके पर ही निराकरण किया, जिससे ग्रामीणों को तत्काल राहत मिली। शेष आवेदनों के शीघ्र निराकरण के लिए संबंधित विभागों को समय-सीमा में कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए।

शिविर में पात्र हितग्राहियों को विभिन्न योजनाओं के अंतर्गत लाभान्वित किया गया। जरूरतमंद परिवारों को नवीन राशन कार्ड वितरित किए गए, वहीं सामाजिक सुरक्षा पेंशन स्वीकृति पत्र प्रदान किए गए। स्वास्थ्य विभाग द्वारा आयुष्मान कार्ड बनाकर हितग्राहियों को उपलब्ध कराए गए, जिससे ग्रामीणों में उत्साह देखा गया।

सुशासन तिहार के अंतर्गत आयोजित इस समाधान शिविर में ग्राम पंचायत टमकी सहित कुल 13 गांवों – खोड़, केशर, छतौलीबिजो, इंजानी, करवा, मसनकी, बेदमी, चिकनी, मयुरधक्की, लांजित, कुप्पा एवं खर्रा- के ग्रामीण शामिल हुए। बड़ी संख्या में पहुंचे ग्रामीणों ने शिविर को जनसमस्याओं के समाधान का प्रभावी मंच बताया।

प्रदेश में सुशासन तिहार के माध्यम से शासन और आमजन के बीच संवाद को मजबूत करने के साथ-साथ योजनाओं का लाभ तेजी से लोगों तक पहुंचाने के प्रयास लगातार किए जा रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *