सीएम बनते ही विजय का बड़ा ऐलान, सरकारी कर्मचारियों का DA 2% बढ़ाया; महिलाओं को भी मिली राहत वाली सौगात…

तमिलनाडु के मुख्यमंत्री सी.जोसेफ विजय ने घोषणा की है कि ‘कलैंग्नार मगलीर उरिमाई थोगई’ योजना के तहत लाभार्थी महिलाओं को मई महीने की 1,000 रुपये की किस्त जल्द मिलेगी।

एक सरकारी विज्ञप्ति में विजय के हवाले से कहा गया कि यह राशि, जो पूर्व द्रमुक शासन द्वारा लागू की गई योजना का हिस्सा है और दिवंगत नेता एम. करुणानिधि के नाम पर रखी गई है, लाभार्थियों के बैंक खातों में जमा की जाएगी। सरकार को कलैंग्नार मगलीर उरिमाई थोगई को पुनर्गठित करने के लिए समय चाहिए, जिसके तहत महिलाओं को 1,000 रुपये दिए जाते हैं।

मुख्यमंत्री जोसेफ विजय ने निर्देश दिया है कि योजना के तहत मई महीने की 1,000 रुपये की किस्त जल्द ही सीधे लाभार्थियों के बैंक खातों में जमा की जाएगी। 23 अप्रैल के चुनावों से पहले अपने चुनावी वादों के तहत, विजय की टीवीके ने 60 वर्ष से कम उम्र की महिलाओं के लिए 2,500 रुपये की मासिक सहायता का वादा किया था। 

717 शराब दुकानें होंगी बंद

मुख्यमंत्री पद संभालते ही विजय ने पूजा स्थलों, स्कूलों, कॉलेजों और बस स्टैंडों के पास तमिलनाडु स्टेट मार्केटिंग कॉर्पोरेशन (TASMAC) की 717 शराब दुकानों को बंद करने का आदेश दिया है। इन दुकानों को दो सप्ताह के अंदर बंद कर दिया जाएगा। सरकार के सर्वेक्षण में पाया गया कि TASMAC की कुल 4,765 दुकानों में से 717 दुकानें 500 मीटर की निर्धारित दूरी का उल्लंघन कर रही थीं।

इनमें पूजा स्थलों के पास 276, शिक्षण संस्थानों के पास 186 और बस स्टैंडों के पास 255 दुकानें शामिल हैं। मुख्यमंत्री विजय ने अपने प्रशासन को ‘आम लोगों की सरकार’ बताया, जो सामाजिक न्याय, समान अवसर और धर्मनिरपेक्षता के सिद्धांतों पर चलती है। TASMAC राज्य का बड़ा राजस्व स्रोत होने के बावजूद शराब दुकानों को बंद करने की मांग लंबे समय से की जा रही थी।

DA में 2% बढ़ोतरी

तमिलनाडु सरकार ने सरकारी कर्मचारियों और शिक्षकों के महंगाई भत्ते (DA) में 2 प्रतिशत की बढ़ोतरी का ऐलान किया है। अब DA 58 प्रतिशत से बढ़कर 60 प्रतिशत हो गया है, जो 1 जनवरी 2026 से लागू होगा। इस बढ़ोतरी से राज्य सरकार पर सालाना 1,230 करोड़ रुपये का अतिरिक्त बोझ पड़ेगा। सरकार ने कहा कि आवश्यक फंड का प्रबंधन किया जाएगा।

मुख्यमंत्री विजय ने कर्मचारियों, शिक्षकों, पेंशनभोगियों और परिवारिक पेंशनभोगियों के कल्याण के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई। सरकार विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं को लागू करने के लिए सक्रिय रूप से काम कर रही है, जिसमें सरकारी अधिकारी और शिक्षक महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं।

फ्लोर टेस्ट में बहुमत

फ्लोर टेस्ट में 144 वोटों से बहुमत साबित करने के बाद विधानसभा में बोलते हुए मुख्यमंत्री विजय ने समर्थन देने वाले सभी सदस्यों का आभार जताया। उन्होंने कहा कि TVK एक लोकतांत्रिक सरकार चलेगी जो राज्य के लोगों के हितों के लिए काम करेगी।

TVK ने मात्र तीन साल में 34.92 प्रतिशत वोट हासिल कर ‘सीटी क्रांति’ (Whistle Revolution) का कीर्तिमान रचा। हालांकि पार्टी 118 सीटों के बहुमत से थोड़ी पीछे रही, लेकिन कांग्रेस, VCK, वामपंथी दलों और IUML समेत अन्य पार्टियों के समर्थन से सरकार बनी। AIADMK के कुछ विधायकों ने भी TVK के पक्ष में वोट दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *