गंगोह रोड पर गोगा की म्हाड़ी परिसर में नमाज अदा करने वाली 53 वर्षीय महिला को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। महिला को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया गया। म्हाड़ी परिसर में मुस्लिम महिलाओं के द्वारा नमाज अदा करने का वीडियो सोशल मीडिया पर पांच दिन पहले प्रसारित हुआ था।
उक्त मामले को लेकर म्हाड़ी सभा समिति अध्यक्ष की तरफ से कुतुबशेर थाने में शिकायत देकर मुकदमा दर्ज कराया गया था। इस मामले की जांच मानकमऊ चौकी इंचार्ज कुलवंत सिंह मलिक कर रहे थे।
चौकी इंचार्ज ने मुकदमा दर्ज होने के बाद शहर के प्रमुख मार्गों के सीसीटीवी की फुटेज खंगाली थी। जिसके बाद पुलिस ने आरोपित महिला यासमीन बेगम निवासी बांस तरसान छत्ता जम्बूदास को उसके घर से गिरफ्तार किया गया।
आरोपित महिला ने बताया कि वह चार महिलाओं के साथ म्हाड़ी परिसर में पहुंची थी। इनमें दो उसकी सगी बहनें थीं, जो दूसरे जिले से उसके घर पर आई थीं। बताया कि उसने इंस्टाग्राम पर कपिल फन प्वाइंट नाम से एक विज्ञापन देखा था। उसे नहीं पता था कि इस परिसर में मंदिर भी है।
महिला ने पुलिस को यह भी बताया कि उसने अकेले ही नमाज अदा की थी। सोशल मीडिया पर प्रसारित वीडियो में एक युवक भी नजर आ रहा है। महिला ने उसके बारे में पुलिस को बताया कि उक्त युवक उसका भतीजा है और मानसिक रूप से दिव्यांग हैं।
थाना प्रभारी निरीक्षक कुतुबशेर संतोष त्यागी ने बताया कि मुकदमा दर्ज कर महिलाओं को न्यायालय में पेश कर जेल भेजा गया है।