भारतीय पहलवानों ने अंडर-20 एशियाई कुश्ती चैंपियनशिप में शानदार प्रदर्शन करते हुए चार स्वर्ण सहित 20 पदक अपने नाम किए, जिसमें सात रजत और नौ कांस्य पदक शामिल हैं। भारत ने चैंपियनशिप के महिला कुश्ती और पुरुष फ्रीस्टाइल में ओवरआल टीम रैंकिंग में भी शीर्ष तीन में जगह पक्की की।
महिला कुश्ती में भारतीय टीम 184 अंकों के साथ दूसरे स्थान पर रही, जो चैंपियन चीन (189 अंक) से थोड़ा ही कम था। जापान (142 अंक) तीसरे स्थान पर रहा। भारतीय पुरुष फ्रीस्टाइल टीम 152 अंकों तीसरे स्थान पर रही। उससे आगे विजेता कजाकिस्तान (170) और ईरान (164) रहे।
इन महिला खिलाड़ियों ने किया कमाल
महिला वर्ग में परवीन (50 किग्रा), मुस्कान (53 किग्रा) और काजल (76 किग्रा) ने स्वर्ण पदक के साथ भारतीय चुनौती की अगुवाई की। मान्या राजपूत (57 किग्रा), सविता (62 किग्रा) और मनीषा (72 किग्रा) को चीन के पहलवानों के विरुद्ध अपने-अपने फाइनल मुकाबले हारने के बाद रजत पदक से संतोष करना पड़ा। काजल (55 किग्रा), कोमल (59 किग्रा) और मानसी लाथर (65 किग्रा) के कांस्य पदक जीतने में सफल रहे।
पुरुष खिलाड़ियों ने भी दिखाया जलवा
पुरुष फ्रीस्टाइल में सुमित कुमार लक्ष्मण भारास्कर ने 70 किग्रा वर्ग में भारत के लिए इकलौता स्वर्ण पदक जीता। उन्होंने कजाकिस्तान के सुंगकर सेदाखमेट के विरुद्ध रोमांचक मुकाबले में 13-7 से जीत हासिल की। पुष्प (61 किग्रा), सौरभ यादव (79 किग्रा) और रौनक (125 किग्रा) को फाइनल में शिकस्त झेलने के बाद रजत पदक मिला जबकि रोहित (57 किग्रा), आदर्श युवराज पाटिल (74 किग्र) और लकी (97 किग्रा) ने कांस्य पदक जीते। इससे पहले ग्रीको-रोमन वर्ग में अक्षय राणा ने 97 किग्रा वर्ग में रजत पदक जीता था। नीरज पटेल (55 किग्रा), अनुज (67 किग्रा) और धीरज कुमार मलिक (67किग्रा) को कांस्य पदक से संतोष करना पड़ा।