कुमाऊं का तराई-भाबर क्षेत्र गुरुवार को दिनभर तपा। गर्म हवाओं का प्रवाह भी रहा और तापमान में तीन डिग्री सेल्सियस तक वृद्धि दर्ज की गई। लेकिन शाम होने के साथ मौसम का मिजाज बदल गया।
हल्द्वानी सहित आसपास इलाके में घने काले बादल छाने के साथ ही तेज हवाएं चलने लगीं। झमाझम वर्षा और अंधड़ चलने की वजह से ऊर्जा निगम ने एहतियातन बिजली सप्लाई भी ठप कर दी। वहीं, ग्रामीण क्षेत्रों में बिजली लाइनों पर कई जगह पेड़ गिरने की वजह से देर रात तक समस्या बनी रही।
लाइनों को नुकसान
विद्युत वितरण खंड हल्द्वानी ग्रामीण के ईई एसके गुप्ता ने बताया कि दमुवाढूंगा क्षेत्र की लाइन में चंबलपुल के पास लाइन क्षतिग्रस्त होने से आपूर्ति बाधित रही। इसके अलावा फुटकुआं इलाके की लाइन में भी अंधड़ की वजह से प्रभावित हुई। साथ ही अन्य क्षेत्रों में भी लाइनों को नुकसान हुआ है।
सूचना मिलते ही काम शुरू कर दिया गया था। वहीं, तेज बौछारों की वजह से हल्द्वानी में कई स्थानों पर जलभराव जैसी स्थितियां बन गईं। सबसे ज्यादा दिक्कत पाइप लाइन डालने को खोदी गई सड़कों वाले इलाकों में देखने को मिलीं।