शुक्रवार को फिर बेमौसम वर्षा संग हवा चलने से होने सरसों व गेहूं की फसल को नुकसान हुआ है जिसे लेकर किसान बेचैन हो गए। मौसम बदलने से न्यूनतम तापमान भी 19.2 डिग्री से गिरकर 15.8 डिग्री सेल्सियस रह गया।
किसानों की सरसों व गेहूं की फसल खेतों में पकी खड़ी है। पिछले दिनों में तेज हवा संग बे मौसम वर्षा से कुछ किसानों की गेहूं की फसल गिरने से बेकार हो गई थी।
जिससे वह परेशान थे और फिलहाल वर्षा न होने की कामना कर रहे थे। गुरुवार को भी बूंदाबांदी होने से किसान परेशान हो गए थे। गुरुवार रातभर बादल गरजने के साथ ठंडी हवा चलती रही है।
न्यूनतम 15.8 डिग्री सेल्सियस तापमान के बीच सुबह से ही आसमान में बादल छाए हुए थे। शुक्रवार सुबह लगभग सात बजे तेज हवा संग वर्षा होने लगी। जिससे एक बार फिर किसान बेचैन हो गए। क्योंकि गेहूं की फसल गिरकर खराब होने का अनुमान है।