अमेरिकी राष्ट्रपति डोनल्ड ट्रंप और जापान की प्रधानमंत्री सनाए ताकाइची के बीच गुरुवार को मुलाकात हुई। इस मीटिंग के बाद प्रेस ब्रीफिंग में ट्रंप ने कुछ ऐसा बोल दिया, जिससे जापानी पीएम हैरान रह गईं।
राष्ट्रपति ट्रंप ने द्विपक्षीय ब्रीफिंग के दौरान ईरान पर अमेरिका-इजरायल के हमलों और 1941 में जापान के पर्ल हार्बर पर हमले के बीच तुलना कर दी।
क्या आपने पर्ल हार्बर के बारे में बताया था?
प्रेस ब्रीफिंग के वक्त राष्ट्रपति ट्रंप और पीएम ताकाइची मीडिया के सवालों का जवाब दे रहे थे। तभी एक जापानी रिपोर्टर ने ट्रंप से पूछा कि अमेरिका ने ईरान पर हमला करने से पहले यूरोप और एशिया में अपने सहयोगियों, जिनमें जापान भी शामिल है, उन्हें जानकारी क्यों नहीं दी।
ट्रंप ने सवाल का जवाब देते हुए कहा, ‘एक बात, आप बहुत ज्यादा किसी को संकेत नहीं देना चाहते। जब हम अंदर गए, तो हमने बहुत जोरदार हमला किया और हमने इसके बारे में किसी को नहीं बताया क्योंकि हम उन्हें चौंकाना चाहते थे।’
ट्रंप ने आगे कहा, ‘आश्चर्य के बारे में जापान से बेहतर कौन जानता है? आपने हमें पर्ल हार्बर के बारे में क्यों नहीं बताया था? मुझे लगता है कि आप दूसरे देशों को चौंकाने में हमसे भी कहीं ज्यादा विश्वास रखते हैं।’
जापान ने अमेरिका पर किया था हमला
राष्ट्रपति ट्रंप ने प्रेस ब्रीफिंग के दौरान जिस हमले का जिक्र किया, वो हमला जापान ने 7 दिसंबर 1941 को हवाई के पर्ल हार्बर में अमेरिकी नौसैनिक अड्डे पर किया था। इस हमले में 2,390 अमेरिकी मारे गए थे।
इस हमले के बाद अमेरिका ने अगले ही दिन जापान के खिलाफ युद्ध की घोषणा कर दी, जिसके साथ ही वह दूसरे विश्व युद्ध में शामिल हो गया।
अमेरिका के 32वें राष्ट्रपति फ्रैंकलिन डी. रूजवेल्ट ने इस हमले की निंदा करते हुए कहा था, ‘7 दिसंबर एक ऐसी तारीख रहेगी, जो हमेशा बदनामी के तौर पर याद रखी जाएगी।’
अमेरिका ने 1945 में जापान के दो बड़े शहरों हिरोशिमा और नागासाकी पर परमाणु बम गिराए और इसी के बाद द्वितीय विश्व युद्ध समाप्त हुआ।
अमेरिका और जापान ने सितंबर 1951 में एक शांति संधि पर हस्ताक्षर किए और तब से वे सहयोगी बने हुए हैं।