लखनऊ में ओलावृष्टि, उन्नाव में बिजली गिरने से दो की मौत; यूपी के 27 से अधिक जिलों में तेज बारिश का कहर…

प्रदेश में शुक्रवार सुबह करीब 9:30 बजे अचानक मौसम बदल गया। लखनऊ समेत 27 से अधिक जिलों में तेज हवा व गरज-चमक के साथ बारिश और ओलावृष्टि भी हुई।

करीब 10 बजे अंधेरा छा गया और देखते ही देखते वर्षा शुरू हो गई। यह सीजन की पहली बारिश है। मौसम विभाग ने प्रदेश के 25 से अधिक जिलों में ओलावृष्टि का भी अलर्ट जारी किया है।

राजधानी में शनिवार को भी वज्रपात के साथ मध्यम बरसात की चेतावनी है। इस दौरान दिन और रात के तापमान में सात डिग्री सेल्सियस तक गिरावट हो सकती है।

वरिष्ठ वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह के मुताबिक, शुक्रवार और शनिवार को पूर्वी उत्तर प्रदेश, मध्यांचल और बुंदेलखंड समेत लगभग पूरे राज्य में तेज हवा और गरज-चमक का असर रहेगा। गुरुवार को वाराणसी प्रदेश का सबसे गर्म जिला रहा, जहां अधिकतम तापमान 37.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

उन्होंने बताया कि दो दिन फतेहपुर, फर्रुखाबाद, कन्नौज, कानपुर देहात, कानपुर नगर, सहारनपुर, शामली, मुजफ्फरनगर, मेरठ, हापुड़, बुलंदशहर, अलीगढ़, मथुरा, हाथरस, कासगंज, एटा, बांदा, आगरा, फिरोजाबाद, मैनपुरी, इटावा, औरैया, बिजनौर, अमरोहा संभल बदायूं जालौन, हमीरपुर व आसपास के इलाकों में ओलावृष्टि के पूर्वानुमान हैं।

खेती को नुकसान

बेमौसम बारिश और तेज हवा से गेहूं की फसल को सबसे ज्यादा नुकसान है, क्योंकि यह फसल पकने के कगार पर है और हवा से गिर रही है।

बिजली गिरने से दो युवक झुलसे

उन्नाव : असोहा क्षेत्र के गांव कांथा निवासी कुलदीप व साहिल मंगतखेड़ा-कांथा मार्ग पर गांव के बाहर शुक्रवार सुबह लगभग नौ बजे किसी कार्य से गए थे।

तभी बारिश के दौरान आकाशीय बिजली गिरने से दोनों झुलस गए। स्वजन दोनों को लेकर सीएचसी नवाबगंज गए। वहां से दोनों को जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया है।

बादलों की गर्जना के साथ फिर बारिश

मुरादाबाद : देररात के बाद शुक्रवार सुबह बारिश फिर शुरू हो गई। मौसम विभाग द्वारा 21 मार्च तक बारिश की संभावना जताई गई थी। न्यूनतम तापमान 17 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विभाग ने शनिवार को भी बारिश की संभावना जताई है।

पश्चिमी विक्षोभ के असर से सुबह से बारिश, गेहूं की फसल पर मंडराया खतरा

संभल : पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव के चलते जनपद में शुक्रवार सुबह करीब नौ बजे से शुरू हुई बारिश का सिलसिला लगातार जारी है, जिससे मौसम में अचानक बदलाव देखने को मिल रहा है और तापमान गिरकर 19 डिग्री सेल्सियस के आसपास पहुंच गया है।

फिलहाल बारिश के दौरान हवा शांत बनी हुई है, लेकिन मौसम विज्ञान विभाग ने आने वाले समय में तेज हवाओं के साथ बारिश की संभावना जताई है, जिससे किसानों की चिंता और बढ़ गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *