झारखंड सरकार से कोल इंडिया की कोयला कंपनियों को जो सहयोग मिलना चाहिए, वह नहीं मिल पा रहा है।
इस असहयोग के कारण राज्य में जमीन अधिग्रहण ठप है, विधि-व्यवस्था ध्वस्त हो चुकी है और बीसीसीएल के अधिकारियों व कर्मचारियों पर लगातार हमले हो रहे हैं।
ये बातें केंद्रीय कोयला एवं खान राज्य मंत्री Satish Chandra Dubey ने गुरुवार को धनबाद में प्रेस वार्ता के दौरान कहीं।
उन्होंने राज्य सरकार और स्थानीय प्रशासन पर तीखा हमला बोला। उन्होंने दो टूक कहा कि सुरक्षा और राहत के मोर्चे पर स्थानीय प्रशासन पूरी तरह विफल साबित हो रहा है।
कोकिंग कोल का आयात घटाने और वाश कोल पर विशेष जोर
केंद्रीय मंत्री ने देश की ऊर्जा सुरक्षा और आत्मनिर्भरता पर बात करते हुए कहा कि कोकिंग कोल देश की प्रमुख जरूरत है। इस आवश्यकता को पूरा करने के लिए केवल उत्पादन बढ़ाना ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि वाश कोल के बुनियादी ढांचे पर भी विशेष ध्यान दिया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि विदेशों से महंगे कोकिंग कोल के आयात को कम करने के लिए घरेलू खनन को गति दी जा रही है। इसके साथ ही देश में पेट्रोल और डीजल की बढ़ती खपत को नियंत्रित करने के लिए कोयला आधारित उद्योगों के विकास को प्राथमिकता दी जा रही है। देश के सभी पावर प्लांटों को मांग के अनुरूप निर्बाध कोयला आपूर्ति सुनिश्चित की जा रही है।
ईसीएल में कोल गैसीफिकेशन शुरू
तकनीकी विकास और जनकल्याण के मोर्चे पर बोलते हुए मंत्री ने स्पष्ट किया कि झरिया मास्टर प्लान के तहत चल रहे कार्यों की स्थिति बेहतर है और विस्थापितों के लिए जन सुविधाओं को और मजबूत किया जा रहा है। झरिया के अग्नि प्रभावित और भू-धंसान वाले संवेदनशील क्षेत्रों की सुरक्षा के लिए एक विशेष सर्वे टीम धरातल पर काम कर रही है।
पर्यावरण अनुकूल ऊर्जा को बढ़ावा देने के उद्देश्य से Eastern Coalfields Limited में कोल गैसीफिकेशन परियोजना की दिशा में तेजी से काम शुरू कर दिया गया है।
झारखंड में भी खिलेगा कमल
केंद्रीय मंत्री ने राजनीतिक समीकरणों पर भी अपनी बात रखते हुए दावा किया कि प्रधानमंत्री Narendra Modi की नीतियों के कारण पूरे देश में भाजपा के प्रति जनता का विश्वास लगातार बढ़ा है, जिसका असर बंगाल सहित अन्य राज्यों के चुनावों में साफ दिख चुका है।
उन्होंने कहा कि झारखंड के अगल-बगल के लगभग सभी राज्यों में कमल खिल चुका है और अब झारखंड की बारी है। इस बार राज्य में भाजपा की पूर्ण बहुमत की सरकार बनने से कोई ताकत नहीं रोक सकती।