रायपुर : मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना के तहत अकलतरा में 10 जोड़े बंधे परिणय सूत्र में…

जनप्रतिनिधियों ने नवदम्पत्तियों को दिया आशीर्वाद, गृहस्थी स्थापना के लिए प्रदान की गई सहायता राशि

मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना के अंतर्गत जांजगीर-चांपा जिले के अकलतरा स्थित मिनीमाता भवन में सामूहिक विवाह समारोह का आयोजन किया गया। इस अवसर पर कुल 10 जोड़े वैदिक रीति-रिवाजों के साथ परिणय सूत्र में बंधे।

जिला कार्यक्रम अधिकारी श्रीमती अनिता अग्रवाल ने बताया कि शासन की इस महत्वाकांक्षी योजना के तहत जरूरतमंद परिवारों की बेटियों का विवाह सम्मानपूर्वक संपन्न कराया जा रहा है। योजना के अनुसार प्रत्येक नवविवाहित जोड़े को गृहस्थी स्थापना के लिए वधू के बैंक खाते में निर्धारित सहायता राशि प्रदान की गई। साथ ही नवदम्पत्तियों को पौधे भेंट कर उनके सुखद और हरित वैवाहिक जीवन की शुभकामनाएं दी गईं।

समारोह में उपस्थित जनप्रतिनिधियों और अतिथियों ने नवविवाहित जोड़ों पर पुष्पवर्षा कर उन्हें सुखमय दांपत्य जीवन का आशीर्वाद दिया।

अकलतरा विधायक श्री राघवेन्द्र कुमार सिंह ने कहा कि मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के लिए एक बड़ी सहायक योजना है। इससे बेटियों का विवाह सम्मानपूर्वक संपन्न हो रहा है और परिवारों को आर्थिक संबल मिल रहा है। उन्होंने नवदम्पत्तियों को उपहार भेंट कर उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। जिला पंचायत अध्यक्ष इंजी. सत्यलता आनंद मिरी ने कहा कि बेटियां समाज की शक्ति हैं। उन्होंने भ्रूण हत्या और बाल विवाह जैसी सामाजिक कुरीतियों को समाप्त करने का आह्वान करते हुए कहा कि बेटियों को शिक्षा, सम्मान और समान अवसर प्रदान करना हम सभी की जिम्मेदारी है। उन्होंने नवदम्पत्तियों को सुखमय एवं समृद्ध वैवाहिक जीवन की शुभकामनाएं दीं।

इस अवसर पर जनपद पंचायत अध्यक्ष श्रीमती शंकुन अन्नु अघरिया, श्रीमती शांति भारते, श्री पवन यादव, श्रीमती रजनी सत्तू साहू, श्री राजेश्वर पाटले, श्री महेश्वर टंडन, पार्षद श्री चंद्रशेखर मिर्चन्य सहित संबंधित अधिकारी-कर्मचारी और बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *