शिवसेना (यूबीटी) प्रमुख उद्धव ठाकरे और उनके रिश्ते के भाई मनसे प्रमुख राज ठाकरे ने नीट पेपर लीक मामले में छात्रों के देशव्यापी आंदोलन और युवाओं की प्रतिक्रिया को उत्साहजनक बताते हुए उस पर प्रसन्नता व्यक्त की है।
छात्रों को संबोधित करते हुए दोनों भाईयो ने कहा कि छात्रों ने दिखा दिया कि वोटों की चोरी की जा सकती है लेकिन लोगों को नहीं चुराया जा सकता है।
भाजपा के खिलाफ लंबी लड़ाई की शुरुआत- ठाकरे बंधु
ठाकरे बंधुओं ने कहा कि इस आंदोलन ने भाजपा के खिलाफ लंबी लड़ाई की शुरुआत कर दी है। दोनों नेता पिछले कई महीनों से महाराष्ट्र में साथ मिलकर राजनीतिक अभियान चला रहे हैं।
‘लोगों का दिल जीतना नहीं जानते पीएम’
मुंबई के शिवाजी पार्क में रविवार को आयोजित तिरंगा रैली को संबोधित करते हुए महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना प्रमुख राज ठाकरे ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर हमला बोलते हुए कहा कि वह लोगों का दिल जीतना नहीं जानते।
जबकि उद्धव ठाकरे ने कहा, इस आंदोलन में देशभक्तों ने अंधभक्तों को हराया है। छात्रों और युवाओं की यह रैली नीट पेपर लीक मामले में धर्मेंद्र प्रधान को केंद्रीय शिक्षा मंत्री पद हटाने की मांग पूरी होने के उपलक्ष्य में आयोजित की गई थी।
बारिश के बीच सभास्थल पहुंचे छात्र
मुंबई में हल्की बारिश के बीच बड़ी संख्या में युवा रेनकोट पहनकर और छाता लेकर लेकर सभास्थल पर पहुंचे थे।
इनमें से तमाम युवाओं ने हाथों में भारत रत्न डॉ. भीमराव अंबेडकर के बोर्ड-पोस्टर ले रखे थे। 22 जुलाई को दिल्ली में आंदोलनकारी छात्रों पर पुलिस कार्रवाई के विरोध में महाराष्ट्र के शहरों में भी छात्र आंदोलित हो गए थे। मुंबई में शिवाजी पार्क इस तरह की गतिविधियों का केंद्र था।