मेक्सिको के पश्चिमी राज्य जालिस्को में रविवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया, जहां एक अनियंत्रित ट्रक ने हाईवे पर खड़े कई वाहनों को टक्कर मार दी। इस हादसे में दो बच्चों समेत कम से कम 9 लोगों की मौत हो गई और 10 अन्य लोग घायल हो गए।
जालिस्को की सिविल प्रोटेक्शन के अनुसार, यह हादसा ग्वाडालाजारा और टेपिक को जोड़ने वाले हाईवे पर होस्तोतिपाक्विलो कस्बे के पास हुआ। टक्कर इतनी भीषण थी कि दो मालवाहक ट्रकों और तीन अन्य वाहनों में भीषण आग लग गई।
ट्रैक्टर-ट्रेलर की वजह से कई गाड़ियों के बीच हुई टक्कर में नौ लोगों की मौत हो गई और करीब 10 लोग घायल हो गए। घायलों में चार अमेरिकी नागरिक भी शामिल हैं।
एजेंसी की रिपोर्ट के मुताबिक, मरने वालों में दो नाबालिग शामिल हैं, जबकि घायलों में नेशनल गार्ड के दो सदस्य भी हैं जिनकी हालत गंभीर है और उन्हें ग्वाडलहारा के मैग्डेलेना अस्पताल में भेजा गया है।
सोशल मीडिया और स्थानीय मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो में ग्वाडालाजारा और टेपिक को जोड़ने वाले राजमार्ग पर कई वाहन भीषण आग की लपटों में घिरे नजर आ रहे हैं।
पहले भी हो चुका था एक हादसा
नागरिक सुरक्षा एजेंसी के अनुसार, घटनास्थल पर एक और हादसा पहले ही हो चुका था। सड़क कर्मचारी और राहत बचाव की टीम दो ट्रकों के बीच हुई पुरानी दुर्घटना के बाद राहत कार्य में जुटे थे। इसी दौरान एक तीसरे तेज रफ्तार मालवाहक ट्रक ने वहां खड़े स्थिर वाहनों को जोरदार टक्कर मार दी।
इस टक्कर के परिणामस्वरूप दो मालवाहक ट्रक और तीन अन्य वाहन आग की चपेट में आ गए। इस टक्कर में मैक्सिकन नेशनल गार्ड का एक गश्ती वाहन भी क्षतिग्रस्त हो गया। जिससे यह आपदा और बड़ी हो गई।
समाचार एजेंसी एएफपी के मुताबिक, अधिकारी अभी तक इस दूसरी टक्कर के सटीक कारणों का पता नहीं लगा पाए हैं और मामले की जांच जारी है।