उझानी रेलवे स्टेशन से रविवार को कासगंज-लखनऊ ऐशबाग एक्सप्रेस को केंद्रीय राज्यमंत्री बीएल वर्मा ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। यह ट्रेन रविवार से ही नियमित चलेगी। इस नई रेल सेवा से बदायूं जिले को दिल्ली के बाद अब सीधे लखनऊ की सीधी कनेक्टिविटी मिल गई है।
इस अवसर पर रेल अधिकारी, स्थानीय जनप्रतिनिधि और भारी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे, जिन्होंने इस नई सौगात पर खुशी व्यक्त की। उझानी में कार्यक्रम के बाद इसी ट्रेन से केंद्रीय मंत्री व अन्य जनप्रतनिधि भी सवार होकर बदायूं तक आए। हरी झंडी दिखाने से पूर्व समारोह को संबोधित करते हुए केंद्रीय राज्यमंत्री बीएल वर्मा ने कहा कि अथक प्रयासों से जिले वासियों को यह सुविधा मिली है, जिससे व्यापारियों, छात्रों और आम नागरिकों को सीधा लाभ होगा।
लोगों में जमकर उत्साह
ट्रेन दोपहर 12 बजे उझानी से रवाना होकर 12:17 बजे बदायूं पहुंची, जहां लोगों ने जमकर उत्साह जताया। इसके बाद ट्रेन बरेली, पीलीभीत और सीतापुर होते हुए लखनऊ के लिए रवाना हुई। मंत्री समेत कई नेताओं व पत्रकारों ने इसमें सफर किया। इज्जतनगर रेल मंडल की प्रबंधक वीणा सिंहा ने बताया कि यह सेवा बदायूं, बरेली, पीलीभीत, लखीमपुर खीरी, सीतापुर और लखनऊ के बीच आवागमन को सुगम बनाएगी। इससे क्षेत्र के व्यापार, पर्यटन, शिक्षा और सामाजिक-आर्थिक विकास को गति मिलेगी।
कार्यक्रम में भाजपा विधायक महेश गुप्ता, हरीश शाक्य, पूर्व राज्यमंत्री बिमल कृष्ण अग्रवाल, पूर्व विधायक धर्मेंद्र शाक्य, जिलाध्यक्ष राजीव गुप्ता, पूर्व चेयरमैन दीपमाला गोयल, सचिन अग्रवाल, दर्शन धवन, प्रकाश माहेश्वरी, विवेक शर्मा राष्ट्रवादी सहित अनेक गणमान्य लोग मौजूद रहे।
आज से नियमित चलेगी कासगंज-लखनऊ एक्सप्रेस
- उद्घाटन समारोह के बाद सोमवार से कासगंज-लखनऊ एक्सप्रेस ट्रेन नियमित रूप से पटरी पर दौड़ेगी।
- यह ट्रेन प्रतिदिन सुबह 4:20 बजे कासगंज से रवाना होगी और 5:20 बजे बदायूं पहुंचेगी, जिसके बाद बरेली, पीलीभीत, मैलानी तथा सीतापुर होते हुए दोपहर 1:00 बजे लखनऊ पहुंचेगी।
- वहीं, वापसी दिशा में यह ट्रेन दोपहर 2:00 बजे लखनऊ से चलेगी और सीतापुर, मैलानी, पीलीभीत, बरेली हाेते हूए रात 9:05 बजे बदायूं पहुंचेगी, जिसके बाद रात 10:00 बजे कासगंज पहुंच कर रुकेगी।
- इस ट्रेन के नियमित संचालन से इस मार्ग के हजारों रेल यात्रियों को आवागमन में सहूलियत और बड़ी राहत मिलेगी।
दोपहर 12 बजे उझानी स्टेशन से लखनऊ के लिए रवाना हुई ट्रेन
उझानी रेलवे स्टेशन पर रविवार सुबह 10:00 बजे से ही उद्घाटन कार्यक्रम की तैयारियां और गहमागहमी शुरू हो गई थी। जैसे ही केंद्रीय राज्यमंत्री बीएल वर्मा कार्यक्रम स्थल पर पहुंचे, उपस्थित कार्यकर्ताओं ने नारेबाजी कर उनका जोरदार स्वागत किया। इसके बाद केंद्रीय राज्यमंत्री ने वहां मौजूद कार्यकर्ताओं और क्षेत्रीय जनता को संबोधित करते हुए कहा कि जिले का विकास मेरी प्राथमिकता है। संबोधन समाप्त होने के पश्चात दोपहर 12:00 बजे लखनऊ-ऐशबाग एक्सप्रेस को उझानी रेलवे स्टेशन से हरि झंडी दिखाकर लखनऊ के लिए रवाना किया गया।
केंद्रीय राज्यमंत्री बीएल वर्मा ने बदायूं तक किया ट्रेन सफर
कासगंज-ऐशबाग एक्सप्रेस के उझानी से रवाना होने पर केंद्रीय राज्यमंत्री बीएल वर्मा ने कार्यकर्ताओं और पत्रकारों के साथ ट्रेन में सफर किया। उझानी स्टेशन पर सफर शुरू करने से पहले उन्होंने सभी कार्यकर्ताओं और पत्रकारों के टिकट स्वयं खरीदे, जिसके बाद वे बदायूं तक ट्रेन में सवार रहे।
यात्रा के दौरान पत्रकारों से बातचीत करते हुए केंद्रीय राज्यमंत्री ने कहा कि भाजपा सरकार के कार्यकाल में बदायूं में हो रहे चौमुखी विकास कार्य जिले को अग्रणी श्रेणी में लाकर खड़ा कर रहे हैं। इससे पूर्व वे दिल्ली जाने वाली ट्रेन में भी इसी तरह यात्रियों से संवाद कर चुके हैं।
कई घंटों पर ट्विटर पर ट्रेंड हुए बीएल वर्मा बदायूं ट्रेन हैशटैग
उझानी और बदायूं के लोगों के लिए लखनऊ की सीधी ट्रेन का सपना पूरा होते ही इसका असर सोशल मीडिया पर भी देखने को मिला। रविवार को ट्विटर पर #BLVermaBudaunTrain कई घंटों तक टाप ट्रेंड्स में शामिल रहा। क्षेत्रवासियों और समर्थकों ने केंद्रीय राज्यमंत्री बीएल वर्मा के प्रयासों की सराहना करते हुए ढेरों पोस्ट शेयर कीं और बदायूं को मिली इस बड़ी सौगात के लिए धन्यवाद जताया।