रायपुर : दशकों के अंधेरे से उजाले तक पहुंचा तोके गांव…

नियद नेल्लानार योजना से पहली बार गांव में जली बिजली

नारायणपुर जिले के सुदूर वनांचल में बसे ग्राम तोके में उत्सव का माहौल है।

दशकों तक अंधेरे में डूबे इस गांव में अब पहली बार बिजली पहुंची है। छत्तीसगढ़ शासन की महत्वाकांक्षी ‘नियद नेल्लानार’ योजना के तहत गांव के 32 परिवारों के घर रोशनी से जगमगा उठे हैं। बिजली आने से ग्रामीणों में एक नया उत्साह और नई उम्मीद जगी है।

घने जंगलों और दुर्गम भौगोलिक परिस्थितियों के बीच इस चुनौतीपूर्ण कार्य को छत्तीसगढ़ स्टेट पावर डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी लिमिटेड नारायणपुर संभाग ने सफलतापूर्वक पूरा किया।

कलेक्टर श्रीमती नम्रता जैन के निर्देशन में गांव तक विद्युत लाइन का विस्तार कर सभी 32 उपभोक्ताओं को पहली बार बिजली कनेक्शन उपलब्ध कराया गया। इस ऐतिहासिक उपलब्धि में कार्यपालन अभियंता के जमीनी मार्गदर्शन और विभागीय टीम के समन्वित प्रयासों की महत्वपूर्ण भूमिका रही। 

बिजली पहुंचने के साथ ही अब तोके गांव में विकास की नई संभावनाएं भी खुल गई हैं। बच्चों को पढ़ाई के लिए बेहतर वातावरण मिलेगा, वहीं स्वास्थ्य सुविधाओं और छोटे स्वरोजगार के अवसरों को भी बढ़ावा मिलेगा। ग्रामीणों ने वर्षों बाद अपने घरों में बिजली जलते देख शासन और प्रशासन के प्रति आभार व्यक्त किया है।

अधिकारियों के अनुसार ‘नियद नेल्लानार’ योजना के तहत जिले के अन्य दूरस्थ गांवों को भी प्राथमिकता के आधार पर विद्युत सुविधाओं से जोड़ा जा रहा है, ताकि विकास की रोशनी अंतिम छोर तक पहुंच सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *