इबोला अलर्ट के बीच पुणे एयरपोर्ट पर कड़ी निगरानी, दुर्ग में तीन संदिग्ध मामलों की पहचान से बढ़ी सतर्कता…

विश्व स्वास्थ्य संगठन (डब्ल्यूएचओ) द्वारा इबोला वायरस के प्रकोप को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर सार्वजनिक स्वास्थ्य आपातकाल घोषित किए जाने के बाद देशभर में सतर्कता बढ़ा दी गई है। इसी क्रम में पुणे अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर स्वास्थ्य निगरानी और तैयारियों के उपायों को और मजबूत किया गया है।

प्रेट्र के अनुसार, हवाई अड्डे के सार्वजनिक स्वास्थ्य कार्यालय (एपीएचओ) ने केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय की एडवाइजरी के अनुरूप विशेष व्यवस्थाएं लागू की हैं। बढ़ी हुई निगरानी के तहत सभी अंतरराष्ट्रीय यात्रियों की स्वास्थ्य जांच की जा रही है।

अधिकारियों के अनुसार, किसी भी संदिग्ध यात्री की पहचान होने पर उसे राष्ट्रीय स्वास्थ्य प्रोटोकाल के तहत आगे की चिकित्सा जांच और निगरानी के लिए भेजा जाएगा।

इस बीच, गुरुवार को हैदराबाद स्थित राजीव गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर पहुंचे एक सूडानी नागरिक में इबोला जैसे लक्षण पाए जाने पर उसे एहतियातन एक आइसोलेशन सेंटर में भेजा गया।

बताया गया है कि यात्री ने हाल ही में दक्षिण सूडान और युगांडा की यात्रा की थी। प्रतिनिधि के अनुसार, छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले में इबोला संक्रमण के तीन संदिग्ध मामलों की पहचान की गई है। इनमें दो व्यक्ति भिलाई और एक दुर्ग क्षेत्र का निवासी है।

स्वास्थ्य विभाग के अनुसार, तीनों हाल ही में अफ्रीकी देशों की यात्रा से लौटे हैं। फिलहाल किसी में गंभीर लक्षण नहीं पाए गए हैं, लेकिन एहतियात के तौर पर सभी को 21 दिनों तक होम आइसोलेशन में रहने की सलाह दी गई है। जिला स्वास्थ्य विभाग लगातार उनकी निगरानी कर रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *