Suvendu Adhikari के PA हत्याकांड में तीन संदिग्ध गिरफ्तार, यूपी और बिहार से STF ने दबोचा…

पश्चिम बंगाल पुलिस की स्पेशल टास्क फोर्स (एसटीएफ) ने सुवेंदु अधिकारी के निजी सहायक चंद्रनाथ रथ की हत्या के मामले में बिहार और उत्तर प्रदेश से तीन लोगों को गिरफ्तार किया है। सूत्रों के अनुसार, तीनों आरोपियों को बिहार और उत्तर प्रदेश से पकड़ा गया और बाद में देर रात पूछताछ के लिए पश्चिम बंगाल लाया गया।

इन लोगों को तब पकड़ा गया, जब आरोपियों में से एक ने एक टोल प्लाजा पर यूपीआई के जरिए पेमेंट किया। इसी से जांचकर्ताओं को उनकी लोकेशन ट्रैक करने में मदद मिली। गिरफ्तार किए गए लोगों से फिलहाल पूछताछ की जा रही है और पुलिस इस हत्या में उनकी सही भूमिका की पुष्टि कर रही है।

बक्सर और बलिया के रहने वाले हैं आरोपी

सूत्रों के अनुसार, दो आरोपी बिहार के बक्सर के रहने वाले हैं, जबकि तीसरा मूल रूप से उत्तर प्रदेश के बलिया का निवासी है और माना जा रहा है कि वह भी बक्सर में ही रह रहा है। उम्मीद है कि पुलिस जल्द ही एक आधिकारिक बयान जारी करेगी, जिसमें अपराध के पीछे के मकसद और जांच के अन्य निष्कर्षों का विस्तृत विवरण दिया जाएगा।

बंगाल सीआईडी ने बताया कि खुफिया जानकारी के आधार पर 10 मई को मयंक राज मिश्रा और विक्की मौर्य को बिहार के बक्सर से और राज सिंह को उत्तर प्रदेश के बलिया से हिरासत में लिया गया। बाद में हुई पूछताछ के आधार पर आज सुबह मध्यमग्राम पुलिस स्टेशन द्वारा तीनों को गिरफ्तार कर लिया गया। जांच जारी है। 

सुवेंदु अधिकारी पीए हत्याकांड

अधिकारी के निजी सहायक चंद्रनाथ रथ की 6 मई की रात कोलकाता के उत्तरी बाहरी इलाके में अज्ञात हमलावरों ने गोली मारकर हत्या कर दी। यह घटना उत्तरी 24 परगना जिले के मध्यमग्राम के डोलतला इलाके में स्थित दोहरिया में हुई, जहां रथ को मोटरसाइकिल पर सवार हमलावरों ने बेहद करीब से गोली मार दी।

मिली जानकारी के अनुसार, हमलावरों ने रथ की कार का पीछा किया, उसे रोका, खिड़की के शीशे ऊपर होने के बावजूद दूसरी तरफ से उन्हें गोली मार दी और हमला करने के तुरंत बाद मौके से फरार हो गए। वह ड्राइवर के बगल वाली अगली सीट पर बैठे थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *