पंजाब के राजपुरा में उस समय हड़कंप मच गया जब कई अलग-अलग स्कूलों में बम रखे जाने की सूचना मिली। यह सूचना एक ईमेल के माध्यम से भेजी गई थी, जिसके बाद प्रशासन और पुलिस विभाग तुरंत सतर्क हो गया।
जिन स्कूलों को निशाना बनाया गया उनमें बसंतपुरा रोड स्थित कारपेडियम स्कूल, स्कालर्स स्कूल और बायपास रोड स्थित मुक्त पब्लिक स्कूल शामिल हैं।
सूचना मिलते ही सबसे पहले कारपेडियम स्कूल में मौजूद विद्यार्थियों को एहतियात के तौर पर तुरंत बाहर निकाला गया। स्कूल परिसर को खाली करवाकर बच्चों को सुरक्षित स्थान व घरा में पहुंचाया गया।
अचानक हुई इस कार्रवाई से छात्रों और अभिभावकों में कुछ समय के लिए चिंता का माहौल बन गया।
स्कूलों में चलाया गया सर्च अभियान
इसके बाद पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां मौके पर पहुंचीं और तीनों स्कूलों में गहन तलाशी अभियान शुरू किया गया। हर कक्षा, कार्यालय, मैदान और आसपास के क्षेत्रों की बारीकी से जांच की गई। पुलिस ने यह सुनिश्चित किया कि किसी भी संभावित खतरे को नजरअंदाज न किया जाए।
काफी देर तक चली इस जांच के बाद पुलिस को किसी भी स्कूल परिसर से कोई संदिग्ध वस्तु या विस्फोटक सामग्री बरामद नहीं हुई।
इसके बाद अधिकारियों ने राहत की सांस ली और स्थिति को सामान्य बताया। हालांकि, एहतियात के तौर पर स्कूल प्रबंधन और पुलिस दोनों ही सतर्क बने हुए हैं।
पुलिस का साइबर विंग हुआ एक्टिव
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि इस मामले को गंभीरता से लिया जा रहा है और ईमेल भेजने वाले व्यक्ति या समूह की पहचान करने के लिए जांच शुरू कर दी गई है। साइबर विंग जांच में जुटा है।
तकनीकी माध्यमों की सहायता से यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि यह संदेश कहां से भेजा गया और इसके पीछे किसका हाथ है।