सीजेपी प्रदर्शन से आम जनता परेशान, रेल सेवाएं प्रभावित होने के बीच दिल्ली के हवाई किरायों में भारी उछाल…

सीजेपी के विरोध प्रदर्शन को लेकर दिल्ली में कड़े प्रतिबंध और कई ट्रेनों के रद होने के कारण इस इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे से आने-जाने वाली उड़ानों की आखिरी पल की बुकिंग में मामूली बढ़ोतरी देखी गई है। कुछ मार्गों पर हवाई किराए भी बढ़ गए हैं।

ट्रैवल इंडस्ट्री के सूत्रों के अनुसार, अगर प्रदर्शन और आवाजाही पर प्रतिबंध लंबे समय तक जारी रहे तो नवरात्रि के त्योहारी सीजन की शुरुआत के साथ यह रुझान और मजबूत हो सकता है।

एक एयरलाइन अधिकारी ने कहा कि इस सप्ताहांत दिल्ली की उड़ानों में बुकिंग थोड़ी बढ़ी है। ट्रेन और बस यात्रियों के हवाई यात्रा की ओर रुख करने के बारे में अभी कुछ पक्का कहना जल्दबाजी होगी क्योंकि त्योहार से पहले की उड़ानें पहले से भरी हुई थीं और किराए भी ऊंचे थे।

एक प्रमुख ऑनलाइन ट्रैवल एजेंसी के वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि शुक्रवार रात तक लखनऊ, प्रयागराज और यूपी के अन्य हिस्सों से स्पॉट किराए में कोई बड़ा उछाल नहीं दिखा। केवल वाराणसी-दिल्ली मार्ग पर शनिवार के स्पॉट किराए एक महीने पहले की तुलना में 15% ज्यादा थे। वाराणसी-दिल्ली वन-वे किराए 6,200 रुपये से शुरू होकर 14,000 रुपये तक पहुंच गए, जो सामान्य से अधिक है।

अमृतसर से हवाई किराए शुक्रवार को काफी बढ़ गए। कुछ उड़ानों का किराया 8,000 रुपये तक पहुंच गया, जबकि सामान्य वन-वे किराया करीब 4,000 रुपये रहता है। लुधियाना से शनिवार की उड़ान के किराए दिनभर में उतार-चढ़ाव वाले रहे और एक समय 12,987 रुपये तक पहुंच गए।

एयरलाइंस और दिल्ली एयरपोर्ट की सबसे बड़ी चिंता यात्रियों, क्रू और स्टाफ का समय पर एयरपोर्ट पहुंच पाना है, क्योंकि मेट्रो सेवा में बड़े पैमाने पर व्यवधान और ट्रैफिक प्रभावित होने की आशंका है। अगर मांग बढ़ी तो हवाई किराए और ऊपर जा सकते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *