’आयुर्वेद से 425 और होम्योपैथी पद्धति से 65 मरीजों को मिला उपचार, बीपी और मधुमेह से बचाव के लिए किया गया जागरूक’
सेवा संकल्प अभियान के तहत ग्रामीणों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से पुसौर विकासखंड के ग्राम टिनमिनी में आयुर्वेद एवं होम्योपैथी चिकित्सा शिविर का आयोजन किया गया।
कलेक्टर श्री मयंक चतुर्वेदी के निर्देशानुसार तथा जिला आयुष अधिकारी डॉ. मीरा भगत के मार्गदर्शन में आयोजित शिविर में कुल 490 ग्रामीणों का उपचार किया गया। इनमें 425 मरीजों का आयुर्वेद पद्धति से तथा 65 मरीजों का होम्योपैथी पद्धति से उपचार किया गया।
शिविर में संधिवात, आमवात, चर्मरोग, ज्वर, खांसी, श्वास संबंधी समस्याओं, प्रतिश्याय, उदर रोग, कमजोरी, अनिद्रा, उच्च रक्तचाप, मधुमेह, अर्श एवं स्त्री रोगों से संबंधित मरीज पहुंचे। चिकित्सकों ने मरीजों की जांच कर आवश्यक परामर्श एवं उपचार उपलब्ध कराया। शिविर में उच्च रक्तचाप और मधुमेह से बचाव के लिए विशेष जागरूकता अभियान चलाया गया। ग्रामीणों को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने, नियमित योगाभ्यास करने तथा खानपान और दिनचर्या में आवश्यक सावधानियां बरतने की जानकारी दी गई। इस दौरान योगासन, स्वस्थ जीवनशैली और बीमारियों से बचाव संबंधी पंपलेट भी वितरित किए गए। उपस्थित जनप्रतिनिधियों और ग्रामीणों को नशामुक्ति एवं स्वच्छता की शपथ भी दिलाई गई।
इस अवसर पर श्री विलिस गुप्ता, श्री मोहित सतपथी, त्रिनाथ गुप्ता, श्री विजय गुप्ता, अंशु साव, विकास होता, आशीष देहरी, रजत गुप्ता तथा ग्राम सरपंच श्रीमती कुंती शक्राजीत भोय सहित पंचगण शामिल रहे। शिविर के आयोजन में डॉ. अजय नायक, डॉ. नरसिंह पटेल, डॉ. गजानन पटेल, डॉ. गगन पटेल, डॉ. श्रद्धा पटेल, डॉ. जागृति पटेल, डॉ. अनुराधा सिंह, फार्मासिस्ट भोज मालाकर, दुष्यंत, शिव, राजेश साव, रूपेश, योग प्रशिक्षक दुलामनी रजक की सक्रिय भूमिका रही।