बंगाल में दार्जिलिंग जिले के अधीन बिधाननगर इलाके में शनिवार को एक ऐसी घटना घटी जिसने पूरे क्षेत्र में चर्चा का विषय बन गया।
अन्नपूर्णा भंडार योजना का महज 2000 रुपये निकालने गई एक गरीब महिला के बैंक खाते में अचानक 740 करोड़ 68 लाख रुपये दिखने लगे। इस अनोखे और चौंकाने वाले मामले ने स्थानीय स्तर पर सनसनी फैला दी।
घटना दार्जिलिंग जिला अंतर्गत फांसीदेवा ब्लाक के कोचुबाड़ी की निवासी मेहरूनेशा की है। मेहरूनेशा शनिवार सुबह साढ़े 11 बजे अपने इलाके के सीएसपी पर अन्नपूर्णा भंडार योजना का पैसा निकालने पहुंची थीं। बायोमेट्रिक वेरिफिकेशन के जरिए उन्होंने 2000 रुपये निकाले। इसके बाद उन्होंने सीएसपी मालिक से अपना खाता बैलेंस चेक करने को कहा।
सीएसपी मालिक शाहिद अनवर जब स्टेटमेंट देखा तो उनके होश उड़ गए। महिला के बचत खाते में 740 करोड़ 68 लाख रुपये दिख रहे थे। रातोंरात मेहरूनेशा ‘करोड़पति’ बन गई थीं। सूचना मिलते ही सीएसपी के बाहर लोगों की भीड़ जमा हो गई। हैरान महिला को देखने के लिए आसपास के लोग उमड़ पड़े।
मेहरूनेशा ने बताया कि उनके पति एक साधारण श्रमिक हैं। परिवार आर्थिक रूप से कमजोर है। उन्होंने कहा कि सपने में भी हमने कभी इतना पैसा नहीं देखा। अचानक खाते में इतनी बड़ी राशि आ जाने से हम हैरान हैं। हमें इसकी कोई जानकारी नहीं है।
सीएसपी मालिक शाहिद अनवर ने भी घटना की पुष्टि की। उन्होंने कहा कि महिला सुबह उनके दुकान पर आई थीं। सामान्य प्रक्रिया के तहत 2000 रुपये निकालने के बाद बैलेंस चेक किया गया तो यह आंकड़ा सामने आया। उन्होंने तुरंत महिला को पुलिस से संपर्क करने की सलाह दी।
दार्जिलिंग जिला पुलिस सूत्रों के अनुसार, यह समस्या बैंक की किसी तकनीकी खराबी के कारण हुई है। मामले के संज्ञान में आते ही बैंक प्रबंधन ने महिला के बचत खाते को फ्रिज कर दिया है। पुलिस ने पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है। दार्जिलिंग जिला के डीएम हरिशंकर पणिक्कर से इस घटना पर प्रतिक्रिया मांगी गई, लेकिन कोई जवाब नहीं मिला।