रायपुर : पंडरवाही में बहने लगी विकास की धारा…

जल जीवन मिशन ने घर-घर पहुंचा नल से जल

कभी एक-एक बाल्टी पानी के लिए घंटों इंतजार और लंबी दूरी तय करना पंडरवाही गांव के लोगों की मजबूरी थी।

आज वही गांव जल जीवन मिशन की बदौलत आत्मविश्वास और खुशहाली की नई कहानी लिख रहा है।

धमतरी जिले के नगरी विकासखंड के इस आदिवासी अंचल में अब हर घर के आंगन तक स्वच्छ पेयजल पहुंच रहा है।

इसका असर केवल पानी की उपलब्धता तक सीमित नहीं है, बल्कि ग्रामीणों के स्वास्थ्य, शिक्षा, आजीविका और जीवनशैली में भी सकारात्मक बदलाव साफ दिखाई दे रहा है।

अंगीरा ऋषि पर्वत की वादियों और महानदी की सहायक बालका नदी के किनारे बसे 94 परिवारों वाले पंडरवाही में वर्षों तक स्वच्छ पेयजल सबसे बड़ी समस्या थी।

महिलाएं और बच्चे दूर-दराज के कुओं से पानी लाने में रोज कई घंटे बिताते थे। गर्मियों में यह संकट और गहरा जाता था। बाद में शुरू की गई सौर ऊर्जा आधारित जल योजना भी सभी परिवारों की जरूरतें पूरी नहीं कर सकी।

गांव की सुपेन बाई और सुशीला बाई बताती हैं कि पहले दिन का बड़ा हिस्सा केवल पानी जुटाने में निकल जाता था। अब हर घर में नल कनेक्शन मिलने से यह परेशानी पूरी तरह खत्म हो गई है।

जल जीवन मिशन के प्रभाव से गांव में जलजनित बीमारियों में कमी आई है, स्वच्छता का स्तर बेहतर हुआ है और लोगों के स्वास्थ्य में सुधार देखने को मिला है। 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *