‘द स्लो ट्रेन’: किम जोंग उन पहुंचे चीन पुतिन और जिनपिंग से मिलने, हरी रेलगाड़ी फिर बनी चर्चा का विषय…

उत्तर कोरिया के नेता किम जोंग उन मंगलवार को ट्रेन से बीजिंग के लिए रवाना हो गए, जहां वह चीन और रूस के अपने समकक्षों के साथ सैन्य परेड में हिस्सा लेंगे।

उत्तर कोरिया की सरकारी मीडिया ने इस बारे में जानकारी दी। किम जोंग उन सोमवार को अपनी खास हरी ट्रेन में प्योंगयांग से बीजिंग के लिए निकले।

ये ट्रेन धीमी जरूर है, लेकिन खासतौर पर उनके लिए बनाई गई है और दशकों से उत्तर कोरिया के नेता इसका इस्तेमाल करते आए हैं।

पुराने पड़ चुके यात्री विमानों के मुकाबले यह बुलेटप्रूफ ट्रेन ज्यादा सुरक्षित और आरामदायक है। इसमें किम के लिए सिक्योरिटी गार्ड्स, खाना-पीना और दूसरी सुविधाओं के लिए जगह होती है।

साथ ही, मीटिंग्स से पहले एजेंडा तैयार करने के लिए भी ट्रेन में ही बैठक हो जाती है। 2011 के अंत में उत्तर कोरिया का नेता बनने के बाद किम ने इस ट्रेन से चीन, वियतनाम और रूस की यात्रा की है।

विदेश मंत्रालय में अधिकारी किम चोन इल के हवाले से बताया गया कि किम जोंग उन की इस यात्रा के दौरान उनके साथ विदेश मंत्री चोए सोन हुई समेत शीर्ष अधिकारी भी मौजूद हैं।

दक्षिण कोरिया की मीडिया की खबर के अनुसार, किम जोंग उन की ट्रेन के सोमवार रात को चीन के शहर डाडोंग पहुंचने और मंगलवार को बीजिंग पहुंचने की संभावना है। ऐसी उम्मीद की जा रही है कि इस सैन्य परेड से वे अमेरिका के विरुद्ध अपनी त्रिपक्षीय एकता प्रदर्शित करेंगे।

बीजिंग में होगी विशाल सैन्य परेड

किम और रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन उन 26 विश्व नेताओं में शामिल हैं, जो बुधवार को बीजिंग में आयोजित होने वाले विशाल सैन्य परेड को देखने के लिए चीन के राष्ट्रपति शी चिनफिंग के साथ शामिल होंगे।

यह परेड द्वितीय विश्व युद्ध की समाप्ति और जापानी आक्रामकता के विरुद्ध चीन के प्रतिरोध की 80वीं वर्षगांठ पर हो रही है। यह ऐसा आयोजन होगा जिसमें किम अपने 14 साल के शासन के दौरान किसी प्रमुख बहुपक्षीय कार्यक्रम में पहली बार शिरकत करेंगे।

साथ ही, यह पहला अवसर होगा जब अमेरिका को चुनौती देने वाले देशों के नेता किम, शी और पुतिन एक ही स्थान पर साथ नजर आएंगे। तीनों देशों में से किसी ने भी इन तीनों नेताओं की निजी त्रिपक्षीय बैठक की पुष्टि नहीं की है।

राष्ट्रपति पुतिन रविवार को शंघाई सहयोग संगठन (SCO) के क्षेत्रीय शिखर सम्मेलन और बीजिंग में परेड में भाग लेने के लिए चीन पहुंचे।

क्रेमलिन (रूस के राष्ट्रपति के आधिकारिक आवास एवं कार्यालय) के सहयोगी यूरी उशाकोव ने रविवार को रूस की तास समाचार एजेंसी को इस बारे में जानकारी दी। इसने बताया कि पुतिन और किम के बीच एक बैठक पर विचार किया जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *