पति को मारकर शव के टुकड़े सिलिंडर में भरने के कथित वीडियो को मध्य प्रदेश की रीवा पुलिस ने भ्रामक बताया है। इंटरनेट मीडिया में बहुप्रसारित इस वीडियो को झूठा बताते हुए पुलिस ने कहा कि इस तरह की कोई घटना नहीं हुई है।
संभागीय पुलिस अधिकारी राजीव पाठक ने कहा कि रीवा के नाम से इंटरनेट मीडिया में प्रसारित यह वीडियो झूठा है। अपुष्ट सामग्री इंटरनेट मीडिया पर साझा करने वालों के खिलाफ आइटी एक्ट के तहत कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
बता दें कि इंटरनेट मीडिया में बहुप्रसारित एक वीडियो में दावा किया जा रहा था कि रीवा में एक महिला ने अपने पति की कुल्हाड़ी से हत्या कर, शव को गैस सिलिंडर में भर दिया।
सीएसपी राजीव पाठक ने बताया कि जांच में यह दावा पूरी तरह फर्जी और भ्रामक पाया गया है। ऐसी कोई भी घटना रीवा में नहीं हुई और न ही इस घटना का रीवा से कोई संबंध है।
लोगों को गुमराह करने के उद्देश्य से वीडियो बहुप्रसारित किया जा रहा है। इस तरह के फर्जी वीडियो समाज में भ्रम और भय का माहौल पैदा करते हैं।