सेक्टर-56, 56ए के लोग पिछले एक माह से खारा पानी प्रयोग करने को मजबूर है। पानी में टीडीएस की मात्रा तीन हजार से अधिक है। लोगों को कहना है कि पानी इतना अधिक खारा है कि कपड़ों को भी खराब कर रहा है। खारे पानी की वजह से मोटर औैर वाशिंग मशीन भी खराब हो चुकी है।
आरडब्ल्यूए प्रधान विक्रम ने बताया कि उनके यहां पर एसएचवीपी की ओर से रेनीवेल से पानी की सप्लाई की जाती है। पिछले एक माह से पानी इतना अधिक खारा आ रहा है कि उसको किसी भी प्रयोग में नहीं लाया जा सकता है। जब एचएसवीपी के अधीक्षण अभियंता संदीप दहिया से 10 दिन पहले मामले की शिकायत की गई थी।
उस समय अधीक्षण अभियंता की ओर से कहा गया था कि जल्द ही मीठा पानी आ जाएगा। लेकिन अभी तक स्थिति में कोई सुधार नहीं हुआ है। इसके साथ ही पानी का टीडीएस तीन हजार से भी अधिक है। आरडब्ल्यूए के सदस्य विजय शर्मा ने कहा कि एचएसवीपी के किसी भी सेक्टर में पानी को लेकर समस्या नहीं है। लेकिन सेक्टर-56 की तरफ अधिकारियों का ध्यान नहीं है।
सेक्टर में बिजली पानी सड़क की समस्या बढ़ती जा रही है। इसके साथ ही पेयजल व्यवस्था को लेकर एक एसडीओ की ड्यूटी लगाई गई थी। अब उसका ट्रांसफर किसी और जगह कर दिया गया है। उसकी जगह पर किसी दूसरे अधिकारी को नहीं लगाया गया है। अधीक्षण अभियंता संदीप दहिया ने कहा कि पानी की व्यवस्था को दो से तीन दिन के भीतर सुधार लिया जाएगा।