पाकिस्तान में ‘Unknown Men’ का खौफ: खाना खाने के कुछ घंटे बाद लश्कर आतंकी की संदिग्ध मौत…

पाकिस्तान के इस्लामाबाद की एक मस्जिद में आतंकी संगठन लश्कर-ए-तैयबा के एक सीनियर कमांडर की संदिग्ध हालात में मौत हो गई। कमांडर कारी सईद अब्दुल अजीज ने नमाज पढ़ने के लिए कुबा मस्जिद पहुंचने से पहले एक अनजान रेस्टोरेंट में खाना खाया था।

इसके बाद वह अचानक मस्जिद के गेट पर गिर पड़ा और उसकी मौत हो गई। उसकी मौत की वजह तुरंत साफ नहीं हो पाई। कारी सईद लश्कर के उस विभाग का इंचार्ज था जो जम्मू-कश्मीर में मुठभेड़ में मारे गए आतंकियों के परिवारों की मदद करता था।

पाकिस्तान में अज्ञात लोगों का खौफ

उसकी अचानक मौत की खबर ऐसे समय में आई है जब लश्कर के एक बड़े ऑपरेटिव ने दावा किया है कि अज्ञात लोगों ने पाकिस्तान के अंदर संगठन के करीब 30 सदस्यों को मार डाला है।

एक वीडियो में रिजवान हनीफ यह दावा करते हुए दिख रहा है कि पिछले तीन-चार सालों में 2008 के मुंबई हमलों (जिनमें 166 लोग मारे गए थे) के लिए जिम्मेदार उनके प्रतिबंधित संगठन के कई सदस्य पाकिस्तान और पाकिस्तान के कब्जे वाले जम्मू-कश्मीर (PoK) के अलग-अलग इलाकों में मारे गए हैं।

पहली बार लश्कर ने स्वीकार की हत्याओं की बात

पेशावर, कराची, रावलपिंडी, रावालाकोट और मुजफ्फराबाद में अज्ञात लोगों ने लश्कर-ए-तैयबा के 30 से ज्यादा आतंकवादियों को मार गिराया है। यह पहली बार है जब लश्कर-ए-तैयबा से जुड़े किसी आतंकवादी ने ऐसी हत्याओं की बात सार्वजनिक रूप से स्वीकार की है। लश्कर-ए-तैयबा पर अल-कायदा और तालिबान से संबंधों के कारण 2005 में संयुक्त राष्ट्र ने प्रतिबंध लगाया था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *