महाराष्ट्र में कथित अवैध बाइक टैक्सी संचालन के मामले में राज्य के परिवहन मंत्री प्रताप सरनाइक ने साइबर अपराध विभाग को ओला, उबर और रैपिडो के खिलाफ प्राथमिकी (एफआईआर) दर्ज करने का निर्देश दिया है।
मंत्री ने स्पष्ट किया कि एप आधारित प्लेटफार्म ओला, उबर और रैपिडो राज्य में काम कर रहे हैं। यह स्पष्टीकरण इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित उन खबरों के बाद आया है जिनमें दावा किया गया था कि महाराष्ट्र में ओला, उबर और रैपिडो की सेवाएं पूरी तरह से बंद कर दी गई हैं।
महाराष्ट्र के सूचना एवं जनसंपर्क महानिदेशालय ने एक्स पर पोस्ट में कहा कि ऐसी रिपोर्टें भ्रामक हैं और सरकार की कार्रवाई केवल अवैध बाइक टैक्सी संचालन तक सीमित है।
आरोप है कि ये कंपनियां राज्य में बिना मंजूरी बाइक टैक्सी सेवाएं चला रही हैं। महाराष्ट्र में बाइक टैक्सी सेवाओं को वैधता, लाइसेंसिंग मानदंडों और परिवहन नियमों के अनुपालन से संबंधित चिंताओं के कारण बार-बार नियामक चुनौतियों का सामना करना पड़ा है।