स्पेन में इस बार समये से पहले चुनाव कराने की घोषणा हो चुकी है। स्पेन के प्रधानमंत्री पेड्रो सांचेज सोमवार को चुनावों का एलान किया।
स्पेन में इस साल 29 नवंबर को चुनाव होने हैं, जो कि तय समय से आठ महीने पहले होंगे। हाल के हफ्तों में, स्पेन के लोगों ने देश में लंबे समय से चले आ रहे हाउसिंग संकट का समाधान करने की मांग की है।
लोग सड़कों पर उतर आए हैं और घर की बढ़ती कीमतों को लेकर विरोध प्रदर्शन कर रहे हैं। ऐसे में सराकर ने इस समस्या से निपटने के लिए चुनाव कराने का एलान किया है।
स्पेन में इस साल नवंबर में होंगे चुनाव
स्पेन के प्रधानमंत्री पेड्रो सांचेज की सरकार को पिछले हफ्ते संसद में करारी हार का सामना करना पड़ा। दक्षिणपंथी विपक्षी दलों ने उनकी सरकार द्वारा पेश किए गए दो आपातकालीन आदेशों के खिलाफ वोट दिया। सरकार के इन आदेशों में लोगों को घरों से बेदखल करने और रियल एस्टेट में सट्टेबाजी को कम करने के उपाय शामिल थे।
दक्षिणपंथी विपक्षी दलों के इन फैसलों के खिलाफ खड़े होने से सरकार को बड़ा झटका लगा है और व्यापक अटकलें लगाई जाने लगीं कि सांचेज राष्ट्रीय चुनाव समय से पहले करवा सकते हैं, जो कि अगले साल होने वाले थे। वे इस स्थिति का इस्तेमाल अपने दक्षिणपंथी विरोधियों के खिलाफ कर सकते हैं।
अगर पेड्रो सांचेज का यह फैसला उल्टा पड़ जाता है, तो इससे कंजर्वेटिव और अति-दक्षिणपंथी ‘वॉक्स’ (Vox) पार्टी के साथ दक्षिणपंथी गठबंधन का रास्ता साफ हो जाएगा। इससे यूरोप की सबसे प्रमुख प्रगतिशील सरकारों में से एक और ट्रंप प्रशासन की मुखर आलोचक सरकार का अंत हो जाएगा।
54 वर्षीय सांचेज 2018 से स्पेन के प्रधानमंत्री हैं, जिससे वे यूरोप के सबसे लंबे समय तक सत्ता में रहने वाले नेताओं में से एक बन गए हैं।
क्या है हाउसिंग संकट?
स्पेन में 87 साल की एक महिला को घर से निकाले जाने पर लोगों में भारी गुस्सा है, जिससे स्पेन की प्रगतिशील सरकार पर देश में घर की बढ़ती कीमतों की पुरानी समस्या से निपटने का भारी दबाव बन गया है। इस घटना के बाद से ही स्पेन में हजारों प्रदर्शनकारी किराएदारों की मदद की मांग को लेकर सड़कों पर उतर आए हैं।
सरकार लोगों की पहुंच से बाहर होते घरों की समस्या से निपटने के लिए इमरजेंसी उपाय लेकर आई थी, लेकिन दक्षिणपंथी विपक्षी दलों ने सरकार के पैकेज को खारिज कर दिया।
इसके बाद से देश की राजधानी मैड्रिड में बड़ी संख्या में लोगों ने मार्च निकाला और आम हड़ताल तथा सस्ते घरों की मांग की। पूर्वी शहर वालेंसिया में, पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को तितर-बितर करने के लिए आंसू गैस और रबर की गोलियों का इस्तेमाल किया।
देश में दक्षिणपंथी विपक्षी दलों के खिलाफ बढ़ते ऐसे हालातों को देखते हुए सोमवार को स्पेन के प्रधानमंत्री पेड्रो सांचेज ने 29 नवंबर को समय से पहले चुनाव कराने की घोषणा की। उनका मकसद घर से जुड़े उपायों के खारिज होने से अपने समर्थकों में फैले गुस्से का फायदा उठाना है।
प्रधानमंत्री की स्पेन के लोगों से अपील
राष्ट्र के नाम अपने संबोधन में स्पेन के प्रधानमंत्री पेड्रो सांचेज ने कहा कि संसद में एक व्यापक प्रगतिशील गठबंधन स्पेन के लोगों को देश के सामने मौजूद सबसे बड़े मुद्दों से निपटने में मदद करेगा।
सांचेज ने कहा, ‘इसलिए, अब समय आ गया है कि स्पेन के लोग तय करें कि वे अपने और अपने देश के लिए कैसा भविष्य चाहते हैं। क्या आप उस अति-दक्षिणपंथी लहर में शामिल होना चाहते हैं, जो जहां भी सत्ता में आती है, प्रगति को पीछे धकेल देती है या आप चाहते हैं कि स्पेन खुलापन, सामाजिक न्याय और पर्यावरण के प्रति जिम्मेदारी का गढ़ बना रहे? क्या आप चाहते हैं कि हमारा देश पीछे की ओर जाए या आगे बढ़ता रहे?’