सोन नदी हादसा: एक मासूम की डूबने से मौत, मछुआरे की बहादुरी से चार बच्चों की जान बची…

डेहरी नगर थाना क्षेत्र में जवाहर सेतु व सोन रेलवे पुल के बीच सोन नदी में मंगलवार दोपहर नहाने के दौरान 12 वर्षीय किशोर की डूबने से मौत हो गई। बुधवार को गोताखोरों ने शव बरामद किया। मृतक की पहचान स्टेशन रोड वार्ड नंबर 17, आदर्श नगर निवासी संतोष साह के पुत्र रंजीत कुमार के रूप में हुई है।

मृतक के साथ नहाने गए अमित कुमार पटेल ने बताया कि मंगलवार दोपहर करीब 2:30 बजे तेज गर्मी से बचने के लिए रंजीत अपने छह दोस्तों के साथ सोन नदी गया था। एक दोस्त किनारे पर कपड़े और मोबाइल रखकर निगरानी कर रहा था, जबकि रंजीत समेत पांच लड़के नहाने के लिए नदी में उतर गए।

अमित के अनुसार, शुरुआत में नदी में पानी कम था। लेकिन नहाने के दौरान अचानक पानी का बहाव तेज हो गया। सभी लड़के डूबने लगे और चीखने-चिल्लाने लगे। शोर सुनकर पाली मोहल्ला निवासी मछुआरा अजय चौधरी नदी में कूद पड़ा।

उसने साहस दिखाते हुए चार लड़कों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। मगर रंजीत कुमार गहरे पानी में चला गया और देखते ही देखते बहाव में ओझल हो गया।

सूचना मिलते ही परिजन और स्थानीय लोग मौके पर जुट गए। मंगलवार देर शाम तक तलाश के बाद भी रंजीत का पता नहीं चला। बुधवार सुबह स्थानीय गोताखोरों की टीम ने शव को नदी से बाहर निकाला। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल सासाराम भेज दिया है।

रंजीत की मौत से आदर्श नगर में मातम पसर गया है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से सोन नदी के खतरनाक घाटों पर चेतावनी बोर्ड लगाने और सुरक्षा बढ़ाने की मांग की है। थानाध्यक्ष राहुल ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए सासाराम सदर अस्पताल भेज दिया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *