मध्य प्रदेश के कटनी जिले में 108 एम्बुलेंस सेवा के कर्मचारी द्वारा घायल मरीज के परिवार के साथ किए गए अमानवीय व्यवहार की घटना सामने आई है, जिससे लोगों में भारी आक्रोश फैल गया है।
24 अप्रैल को कटनी के करेला गांव के पास एक सड़क दुर्घटना में 32 वर्षीय राहुल बर्मन गंभीर रूप से घायल हो गए थे। उन्हें 108 एम्बुलेंस से कटनी जिला अस्पताल लाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी हालत गंभीर बनी रहने के कारण उन्हें बेहतर इलाज के लिए जबलपुर रेफर कर दिया गया।
इसी दौरान अस्पताल परिसर में 108 एम्बुलेंस कर्मचारी मोहित पर गंभीर आरोप लगा है। आरोप है कि उसने घायल के परिवार से पैसे मांगे और एम्बुलेंस साफ करने के लिए परिवार की एक महिला सदस्य को मजबूर किया।
घटना के बाद लोगों में आक्रोश
पूरी घटना एक वीडियो में कैद हो गई, जो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि एक महिला एम्बुलेंस को साफ कर रही है, जबकि कर्मचारी वहीं खड़ा है।
मरीज की पत्नी ने इशारों में बताया कि महिला को एम्बुलेंस ड्राइवर के निर्देश पर ही यह काम करना पड़ा। इस घटना ने आपातकालीन स्वास्थ्य सेवाओं और 108 एम्बुलेंस स्टाफ के बर्ताव पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
प्रशासन की कार्रवाई
वीडियो वायरल होने के बाद कटनी जिला अस्पताल प्रशासन ने तुरंत संज्ञान लिया। कटनी जिला अस्पताल के सिविल सर्जन डॉ. यशवंत वर्मा ने बताया कि 108 एम्बुलेंस के संबंधित ड्राइवर और प्रभारी को नोटिस जारी कर दिया गया है। उनसे एक सप्ताह के अंदर लिखित स्पष्टीकरण मांगा गया है।
डॉ. वर्मा ने आगे कहा कि यदि उनका जवाब संतोषजनक नहीं पाया गया, तो उनके खिलाफ सख्त विभागीय कार्रवाई की जाएगी।